
भारतीय टीनेजर सनसनी वैभव सूर्यवंशी। (फोटो सोर्स: IANS)
Vaibhav Sooryavanshi Duleep Trophy Final: दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार 6 सितंबर से साउथ और ईस्ट जोन के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम के उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी टूर्नामेंट सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते ही ईस्ट ने सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज की थी। वहीं, साउथ जोन ने कप्तान तिलक वर्मा के दमदार प्रदर्शन के चलते नॉर्थ जोन को सेमीफाइनल में 7 विकेट से हराया था। तिलक की टीम अब और भी ज्यादा मजबूत हो गई है, क्योंकि उसमें देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज की भी एंट्री हो गई है। हालांकि अभी ये साफ नहीं है कि वे कौन से खिलाड़ियों की जगह लेंगे।
साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा, ईस्ट जोन के उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी और कप्तान ईशान किशन ये तीनों ही अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन टी20 सीरीज के लिए भारत की टीम का हिस्सा हैं, जो 10 सितंबर को दलीप ट्रॉफी फाइनल के तय समय के खत्म होने के तीन दिन बाद शुरू होगी। पहले इन तीनों के फाइनल नहीं खेलने की रिपोर्ट सामने आ रही थी। लेकिन, अब इन तीनों के दलीप ट्रॉफी फाइनल खेलने की संभावना है। जब तक कि भारतीय टीम मैनेजमेंट की ओर से उन्हें न खेलने के लिए देर से रिक्वेस्ट न की जाए। पडिक्कल और सिराज को शामिल करना टीम मैनेजमेंट के टेस्ट खिलाड़ियों को लय में लाने के प्लान का हिस्सा है।
बता दें कि तिलक वर्मा ने गुरुवार को ही कहा था कि मैं दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेलना पसंद करूंगा। उन्होंने सेमीफाइनल में साउथ जोन को नॉर्थ जोन के खिलाफ 116 और 51 रन की नाबाद पारी खेलकर जीत दिलाने के बाद कहा था कि मुझे लगता है कि अफगानिस्तान का मैच 13 तारीख को है। मैं फाइनल खेलने के लिए तैयार हूं। उसके बाद हमारे पास बीच में दो दिन का ब्रेक है और अगर मैं 11 तारीख को भी रिपोर्ट करता हूं तो मैं एक दिन प्रैक्टिस कर सकता हूं और वहां से मैं जाकर मैच खेल सकता हूं।
पडिक्कल ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट दौरे पर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता है। उन्होंने नंबर-3 पर दो शतक समेत तीन पारियों में 328 रन बनाए थे। वहीं, सिराज की मौजूदगी से साउथ जोन के पेस अटैक को मजबूती मिलेगी, क्योंकि सेमीफाइनल में कवरप्पा को थोड़ी चोट लगी थी, जो उनके सबसे अच्छे बॉलर हैं।
Updated on:
04 Sept 2026 06:38 pm
Published on:
04 Sept 2026 06:04 pm
