क्रिकेट

IND vs SL: ‘खुद की शक्ल आईने में देखी है’, लाइव कमेंट्री में भिड़ गए भारतीय दिग्गज, रहाणे ने झाड़ा पल्ला, देखें पूरा वीडियो

भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट के तीसरे दिन Murali Kartik-Sanjay Manjrekar Video: कमेंट्री बॉक्स में मुरली कार्तिक और संजय मांजरेकर के बीच बहस का वीडियो वायरल हो गया। मामला इतना बढ़ा कि संजय मांजरेकर ने स्क्रीन से मुरली कार्तिक को हटाने की रिक्वेस्ट कर दी।
2 min read
Aug 18, 2026
Ajinkya Rahane and murali karthik
अजिंक्य रहाणे और मुरली कार्तिक (फोटो- SONY Sports Networks)

Murali Kartik- Sanjay Manjrekar Viral Video: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस दौरान 3 दिन का खेल खत्म हो चुका है। खेल के तीसरे दिन जहां भारतीय गेंदबाज मैदान पर जलवा बिखेर रहे थे, वहीं कमेंट्री बॉक्स में दो दिग्गज बल्लेबाज बहस करते नजर आए। मुरली कार्तिक और संजय मांजरेकर के बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला इतना बढ़ गया कि बाद में संजय मांजरेकर को स्क्रीन से मुरली कार्तिक को हटाने का रिक्वेस्ट करना पड़ा।

मामला मजाक से शुरू हुआ जो बाद में काफी गंभीर हो गया। वीडियो में सबसे पहले मुरली कार्तिक कहते हैं, "हम यहां तीन लोग (अजिंक्य रहाणे और संजय मांजरेकर के साथ) हैं और आपसे एक दरख्वास्त है कि आप जो पाउट (एक तरह का मुंह बनाना) बनाते हैं उससे हम समझ नहीं पाते कि आप क्या कह रहे हैं। इसलिए प्लीज इसे करना बंद कर दीजिए।”

जवाब में संजय मांजरेकर ने कहा, "ये काफी बुरा जोक था। क्या हम स्क्रीन को दो भागों में बांट सकते हैं और कैमरे को दूसरे शख्स अजिंक्य रहाणे पर शिफ्ट कर सकते हैं क्योंकि वह बात करने के लिए ज्यादा सही इंसान हैं और उनकी शक्ल भी काफी बेहतर है। मुरली कार्तिक की आवाज अच्छी है, लेकिन क्या उन्होंने अपने आप को आईने में देखा है?”

मुरली कार्तिक ने कहा, "मैं कभी अपने आप को नहीं देखता। वो आप करते हैं। वह सिर्फ आप ही करते हैं।” इसके जवाब में संजय मांजरेकर ने कहा, "क्योंकि आईने में देखने का फायदा होता है। आपके लिए मैं समझ सकता हूं कि सुखदायी नहीं होता होगा। खैर, हम दोनों यहां लाइन पार कर देंगे और सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा होगी।” इस बीच अजिंक्य रहाणे ने कहा, "मैं इन सब में शामिल नहीं हूं।"

टीम इंडिया की स्थिति मजबूत

अगर मुकाबले की बात की जाए, तो भारतीय टीम तीसरे दिन के खेल के बाद मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। टीम इंडिया ने पहले पारी में 462 रन बनाए थे, जवाब में श्रीलंका की टीम पहली पारी में 284 रन बना पाई, इस तरह टीम इंडिया के पास 178 रन की बढ़त हो गई है। चौथे दिन टीम इंडिया 350 की कुल बढ़त हासिल कर दूसरी पारी घोषित करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। हालांकि खराब मौसम टीम इंडिया की उम्मीदों पर पानी फेर सकता है।

Updated on:
18 Aug 2026 10:01 am
Published on:
18 Aug 2026 10:01 am