
Namibia vs Ireland: नामीबिया ने आखिरी मैच में आयरलैंड को 5 विकेट से हराकर पांच मैचों की वनडे सीरीज 3-2 से जीत ली। इस जीत के साथ नामीबिया ने इतिहास रच दिया है। दरअसल, किसी पूर्ण सदस्य के खिलाफ नामीबिया की यह पहली वनडे सीरीज जीत है।
बता दें कि रविवार को नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर नामीबिया और आयरलैंड के बीच सीरीज का 5वां वनडे मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड की पूरी टीम 33.1 ओवर में 129 रन ही बना सकी। वहीं नामीबिया ने 21.2 ओवर में 5 विकेट पर 131 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
आयरलैंड से जीत के लिए मिले 130 रनों के लक्ष्य का पीछा करने नामीबिया की ओर से लॉरेन स्टीनकैंप और माइकल वैन लिंगेन उतरे। दोनों ने पहले विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की। माइकल वैन लिंगेन 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद स्टीनकैम्प ने जान फ्रिलिंक के साथ दूसरे विकेट के लिए 28 रन की पार्टनरशिप की। दोनों ने टीम को 68 के स्कोर तक पहुंचाया।
जान फ्रिलिंक 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद टीम का स्कोर 74 रन तक ही पहुंच पाया था कि स्टीनकैम्प भी आउट हो गए। लॉरेन स्टीनकैंप ने 46 रन बनाए। इसके बाद मलान क्रूगर ने कप्तान गेरहार्ड इरास्मस के साथ चौथे विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। मलान क्रूगर 15 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 30 रनों का योगदान दिया।
इससे पहले टॉस जीतकर बैटिंग के लिए उतरी आयरलैंड टीम की शुरुआत खराब रही। महज 6 के स्कोर पर टिम टेक्टर 5 रन पर आउट हो गए। शुरुआती झटके के बाद बाद कैड कारमाइकल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने एंड्रयू बालबर्नी के साथ दूसरे विकेट के लिए 23 रन और हैरी टेक्टर के साथ तीसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की। कैड कारमाइकल 57 गेंदों में 2 चौकों के साथ 27 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद जेजे स्मिट ने 22वें ओवर में लॉरेन टकर और कर्टिस कैंफर का विकेट झटक हैट्रिक का मौका बनाया। हालांकि जॉर्ज डॉकरेल ने इस प्रयास को विफल कर दिया। इसके बाद इसी ओवर की चौथी पर स्मिट ने डॉकरेल को एलबीडब्ल्यू आउट किया। जॉर्ज डॉकरेल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इस पूरे ओवर में स्मिट ने 3 विकेट विकेट झटके।
इस तरह आयरलैंड ने 84 के स्कोर तक 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद जॉर्डन नील ने 25 गेंदों में 5 चौके के साथ 33 रन की पारी खेली और किसी तरह टीम को 129 के स्कोर तक पहुंचाया।
नामीबिया के लिए जेजे स्मिट ने 9 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि जैक ब्रैसेल ने 3 विकेट झटके। इनके अलावा, रूबेन ट्रम्पेलमैन, मैक्स हेइंगो और विलेम मायबर्ग ने 1-1 विकेट लिया।
आयरलैंड ने पांच वनडे मैचों की सीरीज के पहले मैच में नामीबिया पर 55 रन की जीत हासिल की थी। इसके बाद नामीबिया ने पलटवार करते हुए आयरलैंड को दूसरे वनडे में 31 रन और तीसरे वनडे में 63 रन से हराया था। चौथे वनडे में आयरलैंड ने नामीबिया पर 130 रन की जीत हासिल की थी। वहीं नामीबिया ने सीरीज के आखिरी वनडे मैच में आयरलैंड को 5 विकेट से हराया।