
New Zealand A vs India A 1st Unofficial Test Day 2 Highlights: इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच चार दिवसीय पहला टेस्ट लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल ग्राउंड पर खेला जा रहा है। भारत ने अपनी दूसरी पारी में रविवार को दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट खोकर 106 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल (5) और केएल राहुल (4) भारत की दूसरी पारी में भी फ्लॉप रहे। वहीं, देवदत्त पडिक्कल नाबाद 56 और साई सुदर्शन नाबाद 39 रन बनाकर खेल रहे हैं। न्यूजीलैंड ने इस मैच में पहली पारी के आधार पर 204 रनों की बढ़त हासिल की थी। इस तरह टीम इंडिया अभी भी 98 रन पीछे है।
भारत ए की पहली पारी का आगाज बेहद ही निराशाजनक रहा। भारत की ओर से यश राठौर ने नाबाद 44 रन और देवदत्त पडिक्कल ने 32 रन बनाए। इनके अलावा अन्य कोई खिलाड़ी 20 के आंकड़े को नहीं छू सका। चौंकाने वाली बात ये है कि केएल राहुल और साई सुदर्शन जैसे पांच खिलाड़ी शून्य पर ही आउट हो गए। वहीं, न्यूजीलैंड की तरफ से साइमन कीन ने सर्वाधिक पांच विकेट और जैक गिब्सन ने तीन विकेट लिए।
वहीं, न्यूजीलैंड को भारत के मुकाबले बेहतर शुरुआत मिली। सलामी बल्लेबाज राइस मारियू और कर्टिस हीफी के बीच पहले विकेट के लिए 132 रन की साझेदारी हुई। राइस ने 76 रन बनाए। पहले दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले आकिब नबी ने जायडन लेनॉक्स और टिम रॉबिनसन को शून्य पर आउट कर दिया। इस तरह कीवी टीम ने पहले दिन स्टंप तक तीन विकेट खोकर 135 रन बनाए और 22 रन की बढ़त हासिल की।
दूसरे दिन न्यूजीलैंड का चौथा विकेट 159 के स्कोर पर कर्टिस (44) के रूप में लगा। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरे और न्यूजीलैंड की टीम दूसरे दिन चाय काल तक 317 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से अंशुल कंबोज और आकिब नबी ने तीन-तीन विकेट लिए।
पहली पारी के आधार पर 204 रन से पिछड़ने के बाद भारत की दूसरी पारी की शुरुआत भी बेहद ही खराब रही। उसने महज 10 रन के भीतर अपने दोनों ओपनर केएल राहुल (4) और यशस्वी जायसवाल (5) के विकेट गंवा दिए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम दो विकेट के नुकसान पर 106 रन बना चुकी है। देवदत्त पडिक्कल 56 रन और साई सुदर्शन 39 रन बनाकर खेल रहे हैं।