क्रिकेट

बारिश से बाधित न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 17 रन से हराया, सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म

मिचेल सेंटनर और जिमी नीशम के बीच 46 रन की साझेदारी के बूते न्यूजीलैंड ने रविवार को तीसरे टी-20 इंटरनेशनल में डकवर्थ-लुईस पद्धति के चलते बांग्लादेश पर 17 रन से जीत हासिल की, जिससे बांग्ला टाइगर्स की न्यूजीलैंड में पहली सीरीज जीतने की उम्मीदें धराशायी हो गईं।

2 min read

New Zealand vs Bangladesh, 3rd T20I: बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार को खेला गया। माउंट मॉन्गनुई के बे ओवल में खेले गए बारिश से बाधित इस मैच में कीवी टीम ने डकवर्थ लुईश नियम के तहत बांग्लादेश को 17 रन से हरा दिया। इसी के साथ बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज 1-1 से बराबरी पर रही।

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने तीसरे टी-20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के आगे संघर्ष करती देखी गई और पूरी टीम 19.2 ओवर में 110 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। बांग्लादेश की ओर से कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो ने सबसे अधिक 17 रन बनाए। तौहीद ने 16, आफिफ हुसैन ने 14 रन जोड़े। बांग्लादेश का कोई भी खिलाड़ी 20 रन के स्कोर को छू भी नहीं पाया और उसके छह खिलाड़ी 10 रन से कम के स्कोर पर आउट हो कर पवेलियन लौट गये।

न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सेंटनर ने चार ओवर में 16 रन देकर चार बल्लेबाजों को आउट किया। टिम साउदी, बेन सियर्स और एडम मिल्ने को एक-एक विकेट मिला। 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। एक समय न्यूजीलैंड ने 49 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। उसके चार खिलाड़ी एक-एक रन बनाकर आउट हुये। उसके बाद कप्तान सेंटनर ने जिमी नीशम के साथ पारी को संभाला।

फिन एलेन ने न्यूजीलैंड के लिए सबसे अधिक 38 रन बनाए। जिमी नीशम 28 रन और कप्तान सेंटनर 18 रन बनाकर नाबाद रहे। जब टीम का स्कोर 14.4 ओवर में पांच विकेट पर 95 रन तक पहुंचा दिया था। उसी समय बारिश शुरू होने के कारण आगे खेल नहीं हो सका। अंपायरों ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत न्यूजीलैंड 17 रन से विजयी घोषित कर दिया। बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन और शोरिफुल इस्लाम के 2-2 विकेट लिए।

Updated on:
31 Dec 2023 03:29 pm
Published on:
31 Dec 2023 03:28 pm
Also Read
View All