
South Delhi Superstars vs West Delhi Lions: सोमवार की रात दिल्ली प्रीमियर लीग में एक धमाकेदार मुकाबला देखने को मिला, जहां साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने वेस्ट दिल्ली लायंस को 10 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट दिल्ली की टीम ने नीतीश राणा की तूफानी अर्धशतकीय पारी की बदौलत 169 रन बनाए। इस दौरान मैदान पर एक भावुक पल देखने को मिला, जब नितीश राणा अपनी मां को याद कर फूट फूट कर रोते नजर आए। जिसके बाद विरोधी टीम के खिलाड़ियों के साथ अंपायर भी उन्हें सांत्वाना देने पहुंचे।
नितीश राणा ने जब इस मुकाबले में अपना अर्धशतक पूरा किया तो वह मैदान पर ही फूट फूट कर रोने लगे। उन्होंने अपना ये अर्धशतक अपनी मां को समर्पित किया, जिनका लंबी बीमारी के कारण 7 अगस्त 2026 को निधन हो गया था। नितीश राणा ने दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में वापसी की और अपनी जर्सी के पीछे अपनी मां का नाम 'N. SATISH' लिखकर मैदान पर उतरे तथा उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की टीम ने सनत सांगवान के शानदार शतक और अनमोल शर्मा की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 15.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस मुकाबले में सनत सांगवान ने 54 गेंद में नाबाद 111 रन की पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और छह चौके शामिल थे। वहीं, अनमोल शर्मा ने 38 गेंद में 50 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया। साउथ दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्ट दिल्ली लायंस की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। कृष यादव 26 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए, तो अंकित कुमार ने 11 रन बनाए। इसके बाद नीतीश राणा ने छक्के-चौकों की बारिश कर 33 गेंद में 60 रन ठोक डाले। उन्होंने अपनी पारी में छह छक्के और चार चौके लगाए।
इसके बाद आयुष दूसरे ने 20 गेंद में 27 रन बनाए। इसके बाद निचले क्रम के साथ में से छह बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके और पूरी टीम 19.5 ओवर में ही 169 रन पर ढेर हो गई। अंशुमान हुड्डा ने चार विकेट चटकाए, तो अंकित डबास और विवेक तिवारी को दो-दो सफलताएं मिलीं। साउथ दिल्ली की यह सीजन की चौथी जीत है और वह 8 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं, तो वहीं वेस्ट दिल्ली लायंस 3 मैच जीतकर छठे स्थान पर है।