South Africa vs New Zealand: कोलकाता के इडेन गार्डेंस में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें आमने सामने होंगी, जहां जीतने वाली टीम टी20 वर्ल्डकप 2026 के फाइनल में पहुंच जाएगी।
South Africa vs New Zealand: साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल-1 खेला जाना है, जिसका आयोजन कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होगा। यह मुकाबला फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम तय करेगा। साउथ अफ्रीका नॉकआउट मैच में मजबूती के साथ उतरेगा। प्रोटियाज अब तक टूर्नामेंट में अजेय हैं। इस टीम ने कनाडा, अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड और यूएई को मात देकर सुपर-8 में जगह बनाई, जहां भारत, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत हासिल की।
दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान और यूएई के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद साउथ अफ्रीका के विरुद्ध शिकस्त झेली। इसके बाद कनाडा पर 8 विकेट से जीत के साथ ग्रुप स्टेज अभियान का अंत किया। सुपर-8 में न्यूजीलैंड का पहला मैच बारिश के चलते रद्द हुआ था। इसके बाद कीवी टीम ने श्रीलंका को मात दी, लेकिन अंतिम सुपर-8 मैच में उसे 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। ग्रुप स्टेज और सुपर-8 में 'रिजर्व-डे' का प्रावधान नहीं था, लेकिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले के लिए आईसीसी ने अतिरिक्त समय दिया है। मैच अधिकारियों के पास तय दिन पर मैच पूरा करने के लिए अतिरिक्त 90 मिनट होते हैं।
अगर किसी भी दिन बारिश से खेल में रुकावट आती है, तो बॉल-आउट या कॉइन टॉस नहीं होगा। इसके बजाय, टीमों की प्रोग्रेस सुपर 8 स्टैंडिंग के आधार पर होगी। अगर 4 मार्च को साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पहला सेमीफाइनल बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो मैच रिजर्व डे यानी 5 मार्च को वहीं से शुरू होगा, जहां से रुका था। अगर रिजर्व डे पर भी खेल पूरा नहीं हो पाता है, तो सुपर 8 ग्रुप में ऊपर रैंक वाली टीम आगे बढ़ेगी।
साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 के तीनों मुकाबले जीतकर 6 अंक हासिल किए। इस टीम का नेट रन रेट +2.259 है। दूसरी ओर, कीवी टीम ने सुपर-8 में 3 मुकाबले खेले, जिसमें 1 मैच हारा, 1 जीता और 1 मुकाबला रद्द हो गया। इस टीम के पास 3 अंक हैं। नेट रन रेट की बात करें, तो यह +1.390 है। ऐसे में अगर बारिश के चलते मैच रिजर्व-डे में भी पूरा नहीं होता, तो साउथ अफ्रीका को फाइनल का टिकट मिलेगा।