
NZA vs INDA 2nd Unofficial Test Day 3 Highlights: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जा रहा दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट भी अब ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। भारत ने अपनी पहली पारी में 346 रन बनाए थे। वहीं, न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 424 रन बनाते हुए 78 रन की बढ़त हासिल की। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने बगैर कोई विकेट गंवाए 32 रन बना लिए हैं। अब भारतीय टीम 46 रन पीछे है। यशस्वी जायसवाल 38 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 20 रन और साई सुदर्शन 28 गेंदों पर दो चौकों की सहायत से 11 रन बनाकर खेल रहे हैं।
बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहले मैच चौथे दिन खराब रोशनी के चलते रद्द कर दिया गया था। जबकि भारत उस मैच को जीतने से सिर्फ एक विकेट दूर था। वहीं, अब दूसरे मुकाबले में तीन दिन का खेल खत्म हो चुका है और अभी तक दो पारियां ही पूरी हो सकी हैं। मंगलवार को इस मैच का चौथा और अंतिम दिन होगा। जहां न्यूजीलैंड के लिए भारतीय टीम को जल्दी समेटना आसान नहीं होगा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की पहली पारी की शुरुआत खराब रही। उसे शून्य के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल (0) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल के बीच दूसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी हुई। सुदर्शन 63 गेंदों पर 41 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भारत को चौथा झटका 137 के स्कोर पर पडिक्कल के रूप में लगा, जिन्होंने 140 गेंदों पर 80 रन की पारी खेली। दूसरे दिन ध्रुव जुरेल ने शतक पूरा किया। जुरेल ने 171 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और तीन छक्कों की मदद से 105 रन बनाए। इसके बाद आकाश दीप ने अर्धशतक बनाकर भारत के स्कोर को पहली पारी में 346 तक पहुंचाया।
न्यूजीलैंड ने पहली पारी तीसरे दिन 218/3 के स्कोर से शुरू की। मैथ्यू बॉयल नाबाद 107 और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 80 रन से आगे खेलने क्रीज पर उतरे, लेकिन 221 के स्कोर पर टीम को चौथा झटका बॉयल के रूप में लगा, जो कि 110 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डीन 93 रन बनाकर आउट हुए और अपने शतक से चूक गए। फिर नियमित अंतराल पर विकेट गिरे। हालांकि इसके बावजूद न्यूजीलैंड अपनी पहली पारी में 424 रन बनाते हुए 78 रन की बढ़त हासलि की। वहीं, भारत ने बगैर कोई विकेट गंवाए तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 32 रन बनाए। फिलहाल भारत 46 रन पीछे है। साई सुदर्शन 11 और यशस्वी जायसवाल 20 रन बनाकर खेल रहे हैं।