
ODI World Cup 2027, Vaibhav Sooryavanshi as Opener: भारत के पूर्व क्रिकेटर फारुख इंजीनियर का मानना है कि 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए टीम इंडिया में बतौर ओपनर शामिल किया जाना चाहिए। उनका साफ कहना है कि आगामी वर्ल्ड कप में वैभव को कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करनी चाहिए, जबकि मौजूदा ओपनर शुभमन गिल को मिडिल ऑर्डर में शिफ्ट किया जाना चाहिए।
पीटीआई से बात करते हुए इंजीनियर ने कहा, 'मेरे हिसाब से सबसे परफेक्ट कॉम्बिनेशन यह होगा कि रोहित शर्मा के साथ वैभव सूर्यवंशी ओपनिंग करें। शुभमन गिल एक क्लास प्लेयर हैं और मेरी नजर में वह अभी टीम के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज हैं। इसलिए, गिल को वनडे में नंबर 4 पर खेलना चाहिए।'
उन्होंने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि वनडे क्रिकेट में लेफ्ट-राइट का कॉम्बिनेशन बहुत फायदेमंद होता है। वैभव बड़े गैप्स ढूंढने में माहिर हैं और ओपनिंग के लिए एकदम सही हैं। अगर रोहित-वैभव ओपनिंग करते हैं, विराट कोहली नंबर 3 और गिल नंबर 4 पर आते हैं, तो भारत की बैटिंग लाइन-अप बेहद मजबूत हो जाएगी।
हाल ही में हरारे के मैदान पर जिम्बाब्वे के खिलाफ हुई 3 मैचों की टी20 सीरीज में वैभव ने अपनी बैटिंग का लोहा मनवाया था। उन्होंने सीरीज में दो फिफ्टी जड़ते हुए 151 रन बनाए थे और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुना गया था। इंजीनियर का मानना है कि वैभव ने इस प्रदर्शन से 50 ओवर के फॉर्मेट में भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
इंजीनियर ने कहा, 'वैभव को भारत की वनडे टीम में लाने का यह बिल्कुल सही समय है। लोग टी20 और वनडे में इतना फर्क क्यों करते हैं? मेरे लिए खराब गेंद हमेशा खराब गेंद ही होती है। उनके पास पारी की शुरुआत करने का पूरा कॉन्फिडेंस है। जब वह अच्छी शुरुआत देते हैं, तो बाकी बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाने का समय मिल जाता है।'
88 साल के पूर्व क्रिकेटर ने वैभव की तुलना महान बल्लेबाज विव रिचर्ड्स से करते हुए कहा कि वैभव एक जीनियस हैं। टीम इंडिया को इस मैच विनर खिलाड़ी पर भरोसा जताना चाहिए। उन्होंने यह भी सलाह दी कि वैभव को ज्यादा कोचिंग देकर उनका नेचुरल गेम नहीं बदलना चाहिए, क्योंकि वह भविष्य में भारत के लिए एक बहुत बड़ी ताकत साबित होने वाले हैं।