Babar Azam Flop Show: बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट कप्तान बाबर आजम बिना खाता खोले आउट हो गए।
PAK vs BAN 1st Test 2024: रावलपिंडी में खेले जा रहे पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट के पहले दिन बाबर आजम ने फिर निराश किया। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बारिश के कारण मैच देरी से शुरू हुआ और अब्दुल्ला शफीक के साथ सैम आयूब ने पारी की शुरुआत की। हसन महमूद और शोरफुल इस्लाम ने बांग्लादेश को शानदार शुरुआत दी और पाकिस्तान के 3 बल्लेबाजों को 16 के स्कोर पर ही ढेर कर दिया।
पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट कप्तान बाबर आजम तो इस पारी में खाता भी नहीं खोल पाए। सबसे पहले अब्दुल्ला शफीक को हसन महमुद ने 2 रन के स्कोर पर आउट किया तो शोरफुल इस्लाम ने कप्तान शान मसूद को 6 के स्कोर पर आउट कर पाकिस्तान को दूसरा झटका दिया। इसके बाद बाबर आजम को भी शोरफुल इस्लाम ने आउट कर पाकिस्तान के 3 बल्लेबाजों को सिर्फ 16 रन के भीतर ढेर कर दिया। बाबर आजम सिर्फ 2 गेंद ही खेल सके और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। सैम आयूब ने एक छोर संभाले रखा और अपना अर्धशतक पूरा किया।
सैम आयूब ने 98 गेंदों का सामना किया और 4 चौकों के साथ एक छक्के की मदद से 56 रन बनाए। सैम आयूब और साउद शकील ने चौथे विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी की। शोरफुल इस्लाम और हसन महमूद ने अब तक 2-2 विकेट चटकाए हैं।