क्रिकेट

पाकिस्तान ने पहले टेस्ट की हार से भी नहीं लिया सबक, दूसरा टेस्ट हारने के लिए पहले ही ‘खोद ली कब्र’

PAK vs ENG 2nd Test Pitch: पाकिस्‍तान की टीम ने मुल्‍तान में खेले गए पहले टेस्‍ट में मिली पारी और 47 रन की हार से भी सबक नहीं लिया है और दूसरा टेस्‍ट फिर से उसी सपाट पिच पर खेलने का निर्णय लिया है।
2 min read
• •
Updated: 13 Oct 2024, 2:56 PM IST
Feature image

PAK vs ENG 2nd Test Pitch: पाकिस्‍तान ने इंग्‍लैंड के खिलाफ पहले टेस्‍ट की पहली पारी में 550 से ज्‍यादा रन बनाए, लेकिन उसके बाद भी टीम पारी और 47 रनों से हार गई थी। मैच के बाद पिच की काफी आलोचना हुई थी। अब ऐसा लगता है कि पाकिस्तान अपनी गलतियों से सबक नहीं लिया है, कम से कम पहले टेस्ट में शर्मनाक हार के बाद तो नहीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले मैच में इस्तेमाल की गई 'बेजान' पिच का इस्तेमाल दूसरे मैच के लिए भी किया जाएगा। चौंकाने वाली बात ये है कि कई पूर्व क्रिकेटरों की तीखी आलोचना के बाद भी वह सुधरने को तैयार नहीं है।

मुल्तान की उसी पिच का फिर से इस्तेमाल

ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार, दूसरे टेस्ट के लिए उसी पिच का फिर से इस्तेमाल किया जाएगा। पाकिस्तान के मुख्य कोच जेसन गिलेस्पी को खेल से पहले पिच की एक झलक देखने को मिलेगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि पिच को सुखाने के लिए पिच के दोनों छोर पर बड़े पंखे लगाए गए थे, जिसमें चिलचिलाती धूप भी सहायक रही। बताया जा रहा है कि इस असामान्य कदम का समर्थन आलोचनाओं से घिरे कप्तान शान मसूद ने भी किया है।

बेन स्‍टोक्‍स की हो सकती है वापसी

केविन पीटरसन और नासिर हुसैन समेत पूर्व क्रिकेटरों की आपत्तियों को देखते हुए पिच का फिर से इस्तेमाल करने का पाकिस्तान का कदम संदिग्ध माना जा रहा है। उन्‍होंने पिच को ‘गेंदबाजों का कब्रिस्तान’ और टेस्ट क्रिकेट के लिए अनुपयुक्त सतह बताया था। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि बेन स्टोक्स जो अपनी चोट के कारण पहले टेस्ट का हिस्सा नहीं थे, वे दूसरे टेस्ट में खेल सकते हैं। इंग्लैंड के कप्तान नेट्स पर काफी गेंदबाजी की है। स्पिनरों के लिए ज़्यादा मददगार सतह पर वह तीसरे पेसर के रूप में इंग्लैंड की ताकत बढ़ा सकते हैं।

शान मसूद की हार का सिलसिला जारी

बता दें कि पहली पारी में 550+ स्‍कोर करने वाली पाकिस्‍तान की टीम को इंग्‍लैंड के हाथों पहले टेस्ट में पारी और 47 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के साथ पाकिस्तान के कप्तान के रूप में शान मसूद की हार का सिलसिला जारी रहा। अब टीम इस असामान्य रणनीति का प्रयास करके अपनी किस्मत बदलने की उम्मीद करेगी।

Updated on:
13 Oct 2024, 2:56 PM IST
Published on: