
ENG Beats Pakistan in Tri Series 4th Match: रविवार को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से हरा दिया। पाकिस्तान ने इस मुकाबले को जीतकर ट्राई सीरीज के फाइनल में जगह बना ली है। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बेन डकेट की शतकीय पारी के बावजूद सिर्फ 241 रन बनाए। पिछले दोनों मुकाबलों में पाकिस्तान के प्रदर्शन को देखते हुए उसके सामने यह लक्ष्य छोटा लग रहा था, लेकिन जेमी ओवर्टन, गस एटकिंसन और लियाम डॉसन ने मिलकर पाकिस्तान के लिए इसी लक्ष्य को मुश्किल बना दिया। पाकिस्तान ने 154 रन पर 9 विकेट गंवा दिए थे लेकिन शादाब खान ने हारिस रऊफ के साथ मिलकर टीम को एक विकेट रहते जीत दिला दी। इस हार के बाद इंग्लैंड के फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं ना के बराबर बची हैं।
इस मुकाबले में 242 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 122 रन पर ही 7 विकेट गंवा दिए थे। यहां से इंग्लैंड की जीत आसान लग रही थी लेकिन शादाब खान ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम को 200 के पार पहुंचाया और फिर एक समय पाकिस्तान की जीत की उम्मीदें भी जगा दी। हालांकि 45वें ओवर की दूसरी गेंद पर वह गस एटकिंशन के खिलाफ LBW हो गए और लगा कि पाकिस्तान 20 रन से मैच हार गया, लेकिन DRS की वजह से शादाब खान बच गए और फिर उन्होंने शानदार जीत दिला दी।
इस मुकाबले में शाहीन अफरीदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 52 रन पर 4 बल्लेबाज आउट हो गए। इसके बाद बेन डेकेट ने सैम करन के साथ 93 रन की साझेदारी कर टीम को शुरुआती झटकों से उबारा। करन अर्धशतक से चूक गए और 42 रन बनाकर शाहीन अफरीदी का शिकार हो गए। बेन डकेट ने अपना शतक पूरा किया लेकिन अराफात मिन्हास को अपना विकेट दे बैठे। इसके बाद गस एटकिंसन ने 28 गेंदों में 36 रन की नाबाद पारी खेल टीम को 241 तक पहुंचाया। उन्होंने अपनी पारी में 3 छक्के लगाए।
242 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और 31 रन पर ही 3 विकेट गिर गए। 122 रन तक पहुंचते पहुंचने टीम ने 7 विकेट गंवा दिए। हालांकि शादाब खान ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर मैच को रोमांचक मोड़ तक पहुंचाया लेकिन जब टीम जीत से 21 रन दूर थी, उन्हें LBW आउट करार दिया गया। हालांकि शादाब ने DRS लिया और फैसला उनके पक्ष में आया। यहां से शादाब ने दोबारा कोई गलती नहीं की और 47.1 ओवर में पाकिस्तान को रोमांचक जीत दिला दी। उन्होंने अपनी 113 रन की नाबाद पारी में 13 चौके और 5 छक्के लगाए।
पाकिस्तान की यह सीरीज में लगातार तीसरी जीत है और वह फाइनल में पहुंच गई है। दूसरी ओर इंग्लैंड के खिताबी मुकाबले में पंहुचने की संभावनाएं धुंधली हो गई है।