क्रिकेट

Pak vs Ind, U19 Asia Cup Final: उस्मान खान ने जड़ा तूफानी शतक, पाकिस्तान ने भारत के सामने रखा 338 रन का विशाल लक्ष्य

Pak vs Ind, U19 Asia Cup Final: अंडर-19 एशिया कप के खिताबी मुकाबले में पाकिस्‍तान ने भारत के सामने 338 रन का विशाल लक्ष्‍य रखा है। पाकिस्‍तान की ओर से उस्‍मान खान ने शानदार शतकीय पारी खेली है।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 2:26 PM IST
Pak vs Ind, U19 Asia Cup Final
भारत के खिलाफ शतक जड़ने के बाद बल्‍ला उठाते उस्‍मान खान। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/cricketangon)

Pakistan vs India, U19 Asia Cup 2026 Final: एसीसी अंडर-19 एशिया कप 2026 में आज शनिवार को चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्‍तान के बीच फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। ओमान में खेले जा रहे इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी पाकिस्‍तान टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाते हुए भारत के सामने 338 रन का विशाल लक्ष्‍य रखा है। पाकिस्‍तान की ओर से उस्‍मान खान ने शतक तो कप्‍तान फरहान यूसुफ और अब्‍दुल कादिर ने अर्धशतक जड़े हैं। वहीं, भारत के लिए काव्‍य पटेल ने 4 विकेट और चिगुरुपति वेंकटा ने तीन विकेट चटकाए हैं।

अब्‍दुल कादिर ने 54 गेंदों पर ठोक डाले 80 रन

टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी पाकिस्‍तान टीम की शुरुआत बहुत ही शानदार रही। सलामी बल्‍लेबाज हयाम खान और उस्‍मान खान के बीच पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 62 रन की साझेदारी हुई। हयाम 23 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए उस्‍मान और अब्‍दुल कादिर के बीच 113 गेंदों पर 135 रनों की साझेदारी हुई। कादिर ने सिर्फ 54 गेंदों पर तीन चौके और 8 छक्‍कों की मदद से 80 रन की जबरदस्‍त अर्धशतकीय पारी खेली।

उस्‍मान खान ने 111 गेंदों पर जड़े 107 रन

पाकिस्‍तान को तीसरा झटका 36.3 ओवर 240 के स्‍कोर पर उस्‍मान खान के रूप में लगा। उस्‍मान ने 111 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और 3 छक्‍कों की मदद से 107 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। इसके बाद पाक टीम को चौथा झटका 44.1 ओवर में 299 के स्‍कोर पर लगा। फिर 45वें ओवर की आखिरी गेंद पर कप्‍तान फरहान यूसुफ के रूप में 305 के स्‍कोर पर पांचवां विकेट गिरा। फरहान ने 60 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्‍कों की मदद से 63 रन की पारी खेली। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पाकिस्‍तान की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 337 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगा डाले।

ईशान सूद की जगह खेले वेंकटा ने 5 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट लिए

भारत की ओर से काव्‍या पटेल ने अपने 10 ओवर के स्‍पेल में 68 रन देकर चार विकेट हॉल अपने नाम किया। वहीं, ईशान सूद की जगह प्‍लेइंग इलेवन में शामिल हुए चिगुरुपति वेंकटा ने अपने पांच ओवर के स्‍पेल में 40 रन लुटाते हुए तीन विकेट लिए। जबकि एक विकेट अर्जुन राजपूत को मिला, जिन्‍होंने अपने 7 ओवर के स्‍पेल में 43 रन दिए। मनल चौहान सबसे ज्‍यादा की इकॉनमी से रन देने वाले भारतीय गेंदबाज रहे। उन्‍होंने 3 ओवर के स्‍पेल में ही 40 रन लुटा दिए और कोई विकेट भी नहीं ले सके।

Updated on:
14 Nov 2026, 2:26 PM IST
Published on: