
Pakistan vs Sri Lanka: रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट मैच के पहले दिन सिर्फ 67.2 ओवरों का खेल हो पाया। इस दौरान मेजबान टीम ने 5 विकेट खोकर 281 रन बनाए। खराब रोशनी के चलते जल्द ही दिन का खेल समाप्त कर दिया गया। इस बीच चार पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े। हालांकि इनमें से 3 बल्लेबाज अर्धशतक के बाद आउट हो गए, जिसमें कप्तान बाबर आजम का विकेट भी शामिल है।
रावलपिंडी में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम को अजान ओवैस और तैय्यब आरिफ की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 86 रन जुटाए। ओवैस 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके कुछ देर बाद टीम ने तैय्यब का विकेट भी खो दिया, जो 51 गेंदों में 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान को 90 के स्कोर तक 2 झटके लग गए थे। यहां से कप्तान बाबर आजम ने मोहम्मद ताहा के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। बाबर 7 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद मोहम्मद ताहा ने सऊद शकील के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन जोड़कर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। ताहा ने 105 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौकों के साथ 51 रन की पारी खेली। टीम को 227 के स्कोर पर चौथा झटका लगा, जिसके बाद सऊद शकील ने मोर्चा संभाला। सऊद शकील दिन की समाप्ति तक 7 चौकों के साथ 57 रन बनाकर नाबाद हैं।
पहले दिन के खेल में असिथा फर्नांडो 64 रन देकर 2 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि दिलशान मदुशंका, मिलन प्रियनाथ रत्नायके और सोनल दिनुशा ने 1-1 विकेट हासिल किया है।
इस दौरान बाबार आजम ने इस अर्धशतकीय पारी की बदौलत इतिहास रच दिया। बाबर आजम के इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक 144 बार 50 रन या उससे अधिक रनों की पारी खेली है। बतौर कप्तान यह कारनामा वह 70वीं बार कर चुके हैं। इस तरह उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिसबाह उल हक के एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। मिस्बाह ने यह कारनामा 189 पारियां खेलने के बाद किया था, तो वहीं बाबर ने अपनी 164वीं पारी में ही 70वीं बार 50+ के आंकड़े को छू लिया।