क्रिकेट

PAK vs SL 2nd Test: श्रीलंका के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, पाकिस्तान ने मैच में बनाई मजबूत बढ़त

Pakistan vs Sri Lanka 2nd Test: श्रीलंका की टीम पहली पारी में महज 98 रनों पर सिमट गई। पाकिस्तान ने पहले दिन 3 विकेट पर 121 रन बनाकर 23 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 5:57 PM IST
Sri Lanka Cricket Team
श्रीलंकाई क्रिकेट टीम। (Photo- X/@OfficialSLC)

Pakistan vs Sri Lanka 2nd Test: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी स्थित रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। श्रीलंका को पहली पारी में 98 रन पर समेटने के बाद पाकिस्तान ने पहले दिन स्टंप्स तक 3 विकेट पर 121 रन बनाकर 23 रनों की बढ़त बना ली है। पाकिस्तान की ओर से पहली पारी में क्रीज पर अजान अवैस और साकिब खान डटे हुए हैं।

बाबर आजम और मोहम्मद ताहा ने किया निराश

श्रीलंका को पहली पारी में 98 रन पर ऑलआउट करने के बाद पाकिस्तान की ओर से अजान अवैस और तैयब आरिफ मैदान पर उतरे। दोनों बल्लेबाजों ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी की। तैयब आरिफ अर्धशतक से चूक गए। वह 46 रन बनाकर आउट हुए।

शुरुआती झटके के बाद अजान अवैस जहां एक छोर पर पहले दिन का खेल समाप्त होने तक जमे रहे, वहीं दूसरी छोर पर कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद ताहा जल्दी आउट हो गए। दोनों बल्लेबाज 8-8 रन बनाकर आउट हुए। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा और प्रभात जयसूर्या ने 1-1 विकेट लिया।

श्रीलंका के लिए कुसल मेंडिस ने बनाए सर्वाधिक रन

इससे पहले पाकिस्तान से टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, रही सही कसर नियमित अंतराल पर गिरते विकेट ने पूरी कर दी। श्रीलंका की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुसल मेंडिस और सोनल दिनुषा के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका। इस तरह श्रीलंका की पहली पारी 98 रन पर सिमट गई।

श्रीलंका के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज

श्रीलंका ने पहली पारी 98 रन बनाए। पाकिस्तान के रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में यह किसी टीम द्वारा एक पारी में बनाया गया सबसे न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम था, जिसने अक्टूबर 2024 में रावलपिंडी में बनाया था। इस तरह रावलपिंडी में टेस्ट क्रिकेट की एक इनिंग में सबसे के स्कोर की लिस्ट में श्रीलंका अब पहले स्थान पर है, जबकि इंग्लैंड दूसरे स्थान पर खिसक गया है।

रावलपिंडी में टेस्ट: एक इनिंग में न्यूनतम स्कोर

श्रीलंका 98 रन: पाकिस्तान के खिलाफ पहली पारी (17 नवंबर, 2026)।
इंग्लैंड 112 रन: पाकिस्तान के खिलाफ तीसरी पारी (24 अक्टूबर, 2024)।
पाकिस्तान 138 रन: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरी पारी (20 अक्टूबर, 2025)।
वेस्टइंडीज 139 रन: पाकिस्तान के खिलाफ तीसरी पारी (29 नवंबर, 1997)।
पाकिस्तान 145 रन: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरी पारी (1 अक्टूबर, 1998)।
पाकिस्तान 146 रन: बांग्लादेश के खिलाफ तीसरी पारी (21 अगस्त, 2024)।
बांग्लादेश 168 रन: पाकिस्तान के खिलाफ तीसरी पारी (7 फरवरी, 2020)।
न्यूजीलैंड 168 रन: पाकिस्तान के खिलाफ तीसरी पारी (28 नवंबर, 1996)।

Updated on:
17 Nov 2026, 5:57 PM IST
Published on: