
PCB on WCL: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यूएई में खेली जा रही वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान चैंपियंस टीम को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) देने के लिए राजी हो गया था। लेकिन, इसके साथ ही उसने शर्तों का पेच फंसा दिया। डब्ल्यूसीएल सूत्रों के की मानें तो पीसीबी ने टूर्नामेंट के आयोजकों के सामने शर्त रखी कि अगर भारतीय खिलाड़ी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेते हैं, तो उन्हें कोई एतराज नहीं होगा। लेकिन, पिछले एडिशन के दौरान पाकिस्तान चैंपियंस के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरने के लिए भारतीय खिलाड़ियों को लिखित में माफी मांगनी होगी। आयोजकों के शर्त नहीं मानने पर पीसीबी ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला लिया है।
पाकिस्तान ने अपने आधिकारिक बयान में पीसीबी की शर्तों का जिक्र नहीं करते हुए कहा कि पाकिस्तान चैंपियंस को यह बताते हुए अफसोस हो रहा है कि टीम वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 में हिस्सा नहीं ले सकेगी। ये फैसला बोर्ड से एनओसी नहीं मिलने के बाद लिया गया है।
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के पिछले सीजन में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान टीम के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था। पीसीबी ने संकेत दिया था कि इस मुद्दे के बाद खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने पर वह खेलने पर सहमत होगा। सूत्रों के मुताबिक, टूर्नामेंट मैनेजमेंट ने पीसीबी की कमर्शियल शर्तों को मान लिया था, लेकिन लिखित में माफी मांगने और खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने की मांगों को खारिज कर दिया था।
दरअसल, टूर्नामेंट के पिछले एडिशन के दौरान इंडिया चैंपियंस के खिलाड़ियों ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद सियासी टेंशन और पब्लिक सेंटिमेंट का हवाला देते हुए पाकिस्तान चैंपियंस के खिलाफ मैदान में उतरने से मना कर दिया था। यह 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का सेमीफाइनल मुकाबला था। इंडिया के बॉयकॉट के बाद पाकिस्तान चैंपियंस सीधे फाइनल में पहुंच गया था।
बता दें इससे पहले भी युवराज सिंह, सुरेश रैना, हरभजन सिंह, पीयूष चावला, यूसुफ पठान और रॉबिन उथप्पा जैसे पूर्व इंटरनेशनल खिलाड़ियों वाली भारतीय टीम ने दोनों देशों के बीच टेंशन के बीच मैदान में न उतरने का फैसला किया था। टूर्नामेंट में यह दूसरी बार था, जब इंडिया चैंपियंस ने पाकिस्तान चैंपियंस के खिलाफ मैच से नाम वापस ले लिए। दोनों टीमों का ग्रुप स्टेज में मुकाबला होना था, लेकिन इंडिया चैंपियंस के हिस्सा लेने से मना करने के बाद वह मैच भी कैंसिल कर दिया गया था।