पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 212 रन बनाए थे, जो उनके टी20 वर्ल्डकप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है।
Pakistan s Sri Lanka: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 ग्रुप 2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जबकि पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। पल्लेकल में शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए थे। 213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत भले ही खराब रही, लेकिन16वें ओवर में उन्होंने 148 रन के आंकड़े को पार कर लिया, जिससे पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई।
जैसे ही श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने 147 रन के आंकड़े को पार किया, पाकिस्तान क्रिकेट फैंस के चेहरे पर मायूसी छा गई। स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया और मैच खत्म होने से पहले ही पाकिस्तान का टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो गया।
इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। पाकिस्तान की शुरुआत शानदार रही और किसी ने नहीं सोचा था कि सलामी जोड़ी इतनी बड़ी पारी खेलेगी। 15 ओवर तक पाकिस्तान को एक भी झटका नहीं लगा था और टीम 160 से ज्यादा रन बना चुकी थी। साहिबजादा फरहान ने 60 गेंदों में शतक जड़ा, जबकि फखर ज़मान ने 42 गेंदों में 84 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों ने मिलकर 9 छक्के और 18 चौके लगाए। हालांकि, इन दोनों के आउट होते ही पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। नतीजतन पाकिस्तान की पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 212 रन ही बना सकी।
श्रीलंका की ओर से दिलशान मधुशंका ने तीन विकेट चटकाए, जबकि कप्तान दासुन शनाका ने दो और दुशमंता चमीरा को एक सफलता मिली। 213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम के लिए यह चुनौती मुश्किल जरूर थी, लेकिन पाकिस्तान के सेमीफाइनल के सपनों को तोड़ने के लिए उन्हें सिर्फ 148 रन बनाने थे। पथुम निसांका सिर्फ तीन रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कमिल मिशारा और चरिथ असलंका ने अहम पारियां खेलीं, हालांकि दोनों को अबरार अहमद ने बोल्ड किया। कमिंडू मेंडिस को भी अबरार अहमद ने पवेलियन भेज दिया।
इसके बाद पथुम निसांका की 58 रन की पारी और कप्तान दासुन शनाका की महत्वपूर्ण बल्लेबाजी ने पाकिस्तान की उम्मीदों को पूरी तरह चकनाचूर कर दिया। 16वें ओवर में ही पाकिस्तान की उम्मीदें टूट गईं और टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। अब सुपर 8 ग्रुप 2 से पाकिस्तान की टीम बाहर हो चुकी है, जबकि न्यूजीलैंड और इंग्लैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।