क्रिकेट

फातिमा सना के बाद एक और पाकिस्तानी खिलाड़ी पर ICC का एक्‍शन, जुर्माने के साथ मिली सजा

Pakistan Player Gull Feroza fined: पाकिस्‍तान की कप्‍तान फातिमा को जहां भारत के खिलाफ मैच में शेफाली वर्मा को सेंड ऑफ देने पर ICC ने सजा सुनाई थी। वहीं, हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में अंपायर के फैसका विरोध करने पर बल्‍लेबाज गुल फिरोजा के खिलाफ भी एक्‍शन लिया गया है।
2 min read
Sep 08, 2026
Pakistan Player Gull Feroza fined
पाकिस्‍तानी बल्‍लेबाज गुल फिराेजा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/cricbuzz)

Pakistan Player Gull Feroza fined: विमेंस एशिया कप 2026 के ग्रुप चरण के अपने आखिरी मुकाबले में पाकिस्‍तान ने सोमवार रात हांगकांग के खिलाफ 72 रनों से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। जहां उसका सामना अब श्रीलंका की महिला टीम से होगा, लेकिन उससे पहले पाकिस्‍तान की बल्‍लेबाज गुल फिरोजा को झटका दिया है। गुल फिरोजा को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.8 का उल्लंघन करने का दोषी पाया है, जिसके लिए लिए आईसीसी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है।

पाकिस्‍तान की कप्‍तान के खिलाफ भी हुई थी कार्रवाई

बता दें कि भारत के खिलाफ मुकाबले के दौरान पाकिस्‍तान की कप्‍तान के खिलाफ भी आईसीसी ने इसी तरह का एक्‍शन लिया था। जब उन्‍होंने भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद सेंड ऑफ दिया था। वहीं, अब पाकिस्तान की गुल फिरोजा पर सोमवार को दुबई में हांगकांग के खिलाफ महिला एशिया कप ग्रुप ए मैच के दौरान आईसीसी कोड ऑफ़ कंडक्ट का उल्लंघन करने के बाद उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। गुल का यह मामला एक इंटरनेशनल मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर नाराजगी जताने से जुड़ा है।

अंपायर के फैसले पर जताई थी नाराजगी

दरअसल, यह घटना पाकिस्तान की पारी के पांचवें ओवर में हुई। जब गुल को लेग-बिफोर आउट दिया गया था। उन्होंने ऑन-फील्ड अंपायर के फैसले पर नाराजगी दिखाते हुए अपने बल्ले की ओर इशारा किया कि उन्हें एज लगा है। जुर्माने के साथ ही गुल के डिसिप्लिनरी रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। 24 महीने के समय में यह उनकी दूसरी गलती है, जिससे इस विंडो में उनके कुल दो डिमेरिट पॉइंट हो गए हैं। गुल को इस साइकिल में अपना पहला डिमेरिट पॉइंट 23 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप लीग मैच के दौरान की गई गलती के लिए मिला था।

गुल ने मानी अपनी गलती

गुल ने अपनी गलती मान ली है और आईसीसी पैनल के मैच रेफरी की सदस्य सुप्रिया रानी दास की सजा को भी स्‍वीकार कर लिया है। इसका मतलब है कि अब इस मामले में किसी फॉर्मल सुनवाई की जरूरत नहीं है। उन पर यह कार्रवाई ऑन-फील्ड अंपायर रबाब अहसन और रोकेया सुल्ताना, थर्ड अंपायर शिवानी मिश्रा और फोर्थ अंपायर शतीरा जाकिर के आरोप लगाने पर की गई है।