
Pakistan Team Fined: ODI ट्राई सीरीज जीतने वाली पाकिस्तान की टीम को आईसीसी ने बड़ा झटका दिया है। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में जीत के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि उन्होंने इस मैच में धीमी ओवर-रेट बनाए रखी। इसी वजह से इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पूरी टीम पर जुर्माना ठोका है।
आईसीसी एलीट पैनल के जेफ क्रो ने समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद मेजबान टीम को एक ओवर पीछे पाया। पाकिस्तान टीम का यह उल्लंघन आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट फॉर प्लेयर्स एंड प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के आर्टिकल 2.22 के तहत पाया गया, जो मिनिमम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है। इसके लिए खिलाड़ियों पर तय समय में हर ओवर पूरा नहीं करने पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।
पाकिस्तान टीम पर ऑन फील्ड अंपायर अहसान रजा और वेन नाइट्स, थर्ड अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और फोर्थ अंपायर राशिद रियाज ने तय समय पर एक ओवर कम फेंकने का आरोप लगाया था। पाकिस्तान के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने धीमी ओवर-रेट की गलती मानी और प्रस्तावित सजा मान ली। इसका मतलब है कि अब इस मामले में सुनवाई की कोई जरुरत नहीं है।
बता दें कि वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 325 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए थे। श्रीलंका की ओर से कमिंडु मेंडिस ने 128 गेंदों पर 12 चौके और 2 चौके की मदद से 131 रन की पारी खेली। वहीं, पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, सलमान आगा और हारिस रऊफ ने दो-दो विकेट लिए।
326 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने बेहद ही शानदार प्रदर्शन किया। उसने 9 गेंद शेष रहते 7 विकेट के नुकसान पर 331 रन बनाते हुए जबरदस्त जीत के साथ खिताब पर कब्जा जमाया। पाकिस्तान की ओर से फखर जमान ने 99 गेंदों पर 11 चौके और 6 छक्कों की मदद से 127 रन, साद बेग ने 75 गेंद पर 74 रन और अराफात मिन्हास ने 31 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली। वहीं, श्रीलंका की ओर से दिलशान मधुशंका ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।