क्रिकेट

जिस 4 स्टार होटल में ठहरी थी पाकिस्तानी U-19 क्रिकेट टीम, उसी के बाहर जुटी नकाबपोश भीड़, जानें वजह?

Pakistan U-19 Cricket Team: पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम 4-स्टार होटल में ठहरी थी, लेकिन बाहर जुटी नकाबपोश भीड़ ने खिलाड़ियों को शरणार्थी समझ लिया। उसके बाद…नीचे पढ़ें पूरी अपडेट।
2 min read
Sep 10, 2026
Pakistan U-19 Cricket Team
होटल के बाहर जुटी नकाबपोश भीड़, मौके पर मोर्चा संभालती पुलिस (सोर्स- एक्स पीसीबी/एपी फोटो)

Pakistani Cricketers Refugee Confusion: इंग्लैंड के पोर्ट्समाउथ में पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम के साथ मैदान के बाहर अजीबोगरीब घटना हुई। टीम जिस 4-स्टार होटल में ठहरी थी, उसके बाहर अचानक 30 से 40 लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ नकाबपोश प्रदर्शनकारी यह समझकर पहुंचे थे कि होटल में शरणार्थियों का एक पूरा ग्रुप ठहरा हुआ है। बाद में पता चला कि जिन्हें शरणार्थी समझा गया था, वे पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और स्टाफ थे।।

कैसे फैली अफवाह?

दरअसल, ये पूरा घटना मंगलवार शाम पोर्ट्समाउथ के मैरियट होटल के बाहर हुई। पाकिस्तान की अंडर-19 टीम इसी होटल में ठहरी थी। सोशल मीडिया पर बताया गया कि विदेशी नागरिकों का एक ग्रुप के होटल में शरण लिए बैठा है। यही बात देखते ही देखते ऑनलाइन अफवाह फैल गई। इसके बाद उन्हें बाहर निकालने के लिए कुछ लोगों ने चेहरे को ढक कर जोरदार विरोध किया। नतीजतन पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद साफ हुआ कि होटल में मौजूद विदेशी समूह कोई शरणार्थी दल नहीं था। वह पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम थी।

गलतफहमी कैसे हुई?

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मामले में स्थानीय पार्षद जॉर्ज मैडगविक ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पाकिस्तान टीम के कोच से बात की। इसके बाद होटल के बाहर मौजूद लोगों को पूरी जानकारी दी गई। प्रदर्शनकारियों को जब अपनी गलती का पता चला, तो वे वहां से चले गए। बताया गया कि टीम को एक ऐसी बस कंपनी की बस से लाया गया था, जो पहले शरण मांगने वाले लोगों को भी लाती रही है। इसी वजह से लोगों को गलतफहमी हुई।

ECB ने शुरू की सुरक्षा समीक्षा

घटना के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ECB ने पाकिस्तान की अंडर-19 टीम से संपर्क किया। टीम की सुरक्षा और हालचाल की जानकारी ली गई। दौरे के बाकी हिस्से के लिए सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

बता दें पाकिस्तान की अंडर-19 टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच एक यूथ टेस्ट और चार यूथ वनडे खेले जाने हैं। यूथ टेस्ट 2 से 5 सितंबर तक हुआ था, जिसमें पाकिस्तान को 10 रन से हार मिली। वहीं 9 सितंबर को खेले गए पहले यूथ वनडे में पाकिस्तान ने 177 रन से शानदार जीत दर्ज की। सीरीज का अगला मुकाबला 12 सितंबर को खेला जाना है।