
पूर्व पाकिस्तानी दिग्गज वसीम अकरम। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)
Wasim Akram: पाकिस्तान क्रिकेट टीम तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर है, जहां उसका प्रदर्शन अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। पाकिस्तान को पहले टेस्ट में इंग्लैंड के हाथों पारी और 103 रन से हार का सामना करना पड़ा, जबकि दूसरे टेस्ट में उसे 194 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम में सात बदलाव किए और कोचिंग स्टाफ में भी फेरबदल किया, लेकिन टीम का बुरा दौर खत्म नहीं हुआ। दरअसल, पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने एक बार फिर निराश किया और एजबेस्टन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में पूरी टीम पहली पारी में महज 133 रन पर ऑलआउट हो गई।
पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बीच वसीम अकरम का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि वह राष्ट्रीय टीम के कोच की भूमिका संभालने में क्यों दिलचस्पी नहीं रखते हैं।
क्रिकेट यूट्यूबर फरहान भट्टी को दिए गए इंटरव्यू के दौरान एक सवाल के जवाब में पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, 'मैं समझ नहीं पाता कि जब कोई टीम खराब प्रदर्शन करती है तो कोच को बर्खास्त कर दिया जाता है, लेकिन जो खिलाड़ी वास्तव में मैदान पर खेल रहे होते हैं, उन्हें उसी स्तर पर जिम्मेदार क्यों नहीं ठहराया जाता। यह ऐसी बात है जिसे मैं कभी समझ नहीं पाया।'
वसीम अकरम ने पाकिस्तान क्रिकेट को लेकर सोशल मीडिया और प्रेस में होने वाली तीखी आलोचना को भी कोचिंग की जिम्मेदारी से दूर रहने की एक वजह बताया। पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, 'अब मैं 60 साल का हूं। इस तरह के अपमान और व्यक्तिगत हमलों वाली आलोचना को बर्दाश्त नहीं कर सकता, खासकर ऐसे लोगों की ओर से जिन्होंने कभी क्रिकेट नहीं खेला, लेकिन वे रणनीति और तकनीक पर अपमानजनक तरीके से बात करते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'जिंदगी के इस पड़ाव पर मैं इस तरह का दबाव नहीं लेना चाहता। पाकिस्तान टीम की कोचिंग करना, मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह, कोई आसान काम नहीं है, खासकर सोशल मीडिया और प्रेस के इस दौर में।'
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के प्रदर्शन को लेकर वसीम अकरम का बयान भी सामने आया था। द एथलेटिक से बातचीत में उन्होंने दावा किया था कि सीरीज के नतीजे का उन्हें पहले ही अंदाजा था। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान इंग्लैंड से 0-3 से सीरीज गंवा देगा। अकरम ने कहा था कि पाकिस्तान के बल्लेबाज संघर्ष कर रहे हैं, गेंदबाजी औसत स्तर से नीचे है और फील्डिंग भी खराब स्थिति में है।
Updated on:
10 Sept 2026 12:54 pm
Published on:
10 Sept 2026 12:54 pm
