
इमरान ताहीर (फोटो- IANS)
Imran Tahir T20 World Record:कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 के 31वें मुकाबले में इमरान ताहिर ने इतिहास रच दिया। वह T20 क्रिकेट में 5 विकेट हॉल लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। बुधवार की रात को खेले गए गुयाना वॉरियर्स और सेंट लूसिया किंग्स के बीच मुकाबले में उन्होंने 17 रन देकर 5 विकेट लिए, जिसकी वजह से सेंट लूसिया किंग्स 119 रन पर ढेर हो गई। उन्हें शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
इमरान ताहिर से पहले कुक आइलैंड के तमाका नोटो इटावा के नाम रिकॉर्ड था, जिन्होंने 2022 में फिजी के खिलाफ 40 साल 299 दिन की उम्र में 5 विकेट हॉल लिया था। इमरान ताहिर ने 47 साल 166 दिन की उम्र में यह कारनामा किया। यही नहीं, इमरान ताहिर T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट हॉल लेने वाले खिलाड़ियों के मामले में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने अब तक छह बार यह कारनामा किया है। इससे पहले डेविड वीजे सात बार यह कारनामा कर चुके हैं।
इमरान ताहिर ने 8 साल पहले इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उसके बाद से वह लगातार दुनिया भर की T20 लीग में अपनी फिरकी का जादू बिखेरते नजर आते हैं। बुधवार की रात सेंट लूसिया किंग्स और गुयाना वॉरियर्स के बीच खेले गए मुकाबले में उन्होंने चार ओवर के स्पेल में पांच बल्लेबाजों को आउट किया।
सेंट लूसिया किंग्स की शुरुआत अच्छी रही और उसने एक विकेट गंवाकर 54 रन बना लिए थे। उसके बाद इमरान ताहिर की फिरकी के जाल में उनके बल्लेबाज फंसते गए। उन्होंने एक के बाद एक पांच बल्लेबाजों को आउट किया और पूरी टीम 119 रन पर ढेर हो गई। इस दौरान ताहिर ने कप्तान रोस्टन चेज को भी आउट किया। गुयाना वॉरियर्स ने 120 रन के लक्ष्य को 19वें ओवर में हासिल कर लिया। ग्लेन फिलिप्स ने 37 रन की पारी खेली, तो शाई होप ने 21 और शिमरन हेटमायर ने 14 रन की पारी खेली। हालांकि मैच फिनिश क्वेंटिन सैपसन ने किया, जिन्होंने 11 गेंदों में पांच छक्कों की मदद से 37 रन बनाए, जिसने मैच का पूरा पासा ही पलट दिया।
इस जीत के साथ गुयाना वॉरियर्स पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर पहुंच गई है और उसने प्लेऑफ्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
Updated on:
10 Sept 2026 11:49 am
Published on:
10 Sept 2026 11:49 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
