क्रिकेट

PAK vs NZ 1st Test: जीत के करीब पाकिस्तान, हसन अली ने वापस पाया खोया हुआ जादू

पाकिस्तान को जीत के लिए 176 रन का लक्ष्य मिला है जिसके जवाब में उसने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक आठ ओवर में बिना किसी नुकसान के 37 रन बना लिए हैं।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2018, 10:19 AM IST
hasan ali
PAK vs NZ 1st Test: जीत के करीब पाकिस्तान, हसन अली ने वापस पाया खोया हुआ जादू

नई दिल्ली। हसन अली और यासिर शाह के पांच-पांच विकेटों की मदद से पाकिस्तान ने अबु धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को न्यूजीलैंड को उसकी दूसरी पारी में 249 रन पर समेट दिया। पाकिस्तान को इस तरह जीत के लिए 176 रन का लक्ष्य मिला है जिसके जवाब में उसने दिन का खेल समाप्त होने तक आठ ओवर में बिना किसी नुकसान के 37 रन बना लिए हैं। मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हु पहली पारी में 153 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने पहली पारी में 227 रन बनाकर 74 रनों की बढ़त ले ली थी।


जीत के करीब पाक-
पाकिस्तान को अभी जीत के लिए 139 रन और बनाने हैं जबकि उसके पूरे 10 विकेट शेष हैं। स्टम्प्स तक इमामुल हक 25 और मोहम्मद हफीज आठ रन बनाकर खेल रहे हैं। न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 249 रनों पर ऑल-आउट हो गई थी जिसके बाद पाकिस्तान को 176 रनों का लक्ष्य मिला था। जिसमे पाकिस्तान ने बिना विकेट खोए 37 रन बना लिए हैं।


न्यूजीलैंड की दूसरी पारी-
इससे पहले, न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन के स्कोर एक विकेट पर 56 रन से आगे खेलना शुरू किया और तीसरे दिन उसकी पूरी टीम अपनी दूसरी पारी में 249 रन पर ऑलआउट हो गई। न्यूजीलैंड की ओर से बीजे वाटलिंग ने 59, हेनरी निकोलस ने 55, जीत रावल ने 46, कप्तान केन विलियम्सन ने 37, रॉस टेलर ने 19 और इश सोढी ने 18 रन बनाए। हेनरी का यह छठा जबकि वाटलिंग का 15वां अर्धशतक है। कीवी टीम 108 रन तक अपने चार विकेट गंवा चुकी थी। लेकिन इसके बाद वाटलिंग और निकोलस ने पांचवें विकेट के लिए 112 रन की शतकीय साझेदारी कर टीम को 200 के पार पहुंचाया। 220 रन पर अपना पांचवां विकेट गंवाने के बाद न्यूजीलैंड ने अगले पांच विकेट 29 रन के अंदर गंवा दिए और उसकी पूरी टीम 249 रन पर सिमट गई।


हसन ने वापस पाया खोया हुआ जादू-
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी एंट्री से धमाल मचा देने वाले हसन पिछले कुछ समय से ख़राब फॉर्म से गुजर रहे थे। पर रविवार को उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ दमदार गेंदबाजी कर 17.4 ओवरों में 45 रन खर्च कर 5 विकेट झटके। हसन ने न्यूजीलैंड को जल्द और बड़े झटके देकर संकट में डाल दिया था। इससे पहले पहली पारी में हसन ने 2 विकेट झटके थे। दूसरी पारी में हसन को यासिर का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 110 रन पर पांच विकेट हासिल किए।

Published on: