
Pathum Nissanka to undergo wrist surgery: श्रीलंकाई स्टार बल्लेबाज पथुम निसांका 3 जुलाई से एंटीगुआ में खेले जाने वाले वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। श्रीलंका का ये ओपनर कुछ समय से अपनी कलाई की चोट से जूझ रहा है। आखिरकार उन्होंने स्थिति बिगड़ने से पहले इसका इलाज कराने का फैसला किया है। निसांका वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में 2 और 3 रन ही बना सके थे। चोट की गंभीरता को देख उन्होंने दौरे से हटने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि वह सर्जरी के लिए लंदन गए हैं। इसके साथ ही उनके भारत के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पर भी प्रश्नचिंह लग गया है।
दरअसल, न्यूजवायर की रिपोर्ट के अनुसार, निसांका अपनी कलाई की सर्जरी के लिए लंदन रवाना हो गए हैं। वह चोट के चलते लंका प्रीमियर लीग (LPL 2026) सीजन से पहले ही हट चुके हैं। वह एलपीएल 2024 में जाफना किंग्स के लिए खेले थे और खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने 2025 एडिशन कैंसिल कर दिया था।
लंका प्रीमियर लीग के वापस आने पर देश के सबसे अच्छे बैट्समैन में से एक निसांका नहीं खेल पाएंगे। एलपीएल 2026 सीजन 8 अगस्त को खत्म होगा। इसके बाद भारत श्रीलंका के दौरे पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी, जिसका आगाज 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। जबकि दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड कोलंबो में खेला जाएगा। गुरुवार को ही इस सीरीज की तारीखों के साथ वेन्यू की आधिकारिक घोषणा की गई है।
पिछली बार श्रीलंका ने भारत को टेस्ट सीरीज में 2008 में हराया था। तब से टीम इंडिया ने तीन बार श्रीलंका का दौरा किया है, जिसमें से आखिरी बार 2017 में था और तीनों बार उन्हें हराया है। फिलहाल, यह जानकारी नहीं दी गई है कि पथुम निसांका को अपनी कलाई की चोट से ठीक होने में कितना समय लगेगा। हालांकि, उनके बिना श्रीलंका के लिए शुभमन गिल की टीम को हराना बहुत मुश्किल होगा।
निसांका के अलावा दाएं हाथ के तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा भी वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। लाहिरू को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है। विश्व फर्नांडो या इसिथा विजेसुंदरा में से कोई एक उनकी जगह ले सकता है। वहीं, लाहिरू उदारा या पासिंदु सोरियाबंदारा में से कोई एक निसांका की जगह लेगा।