Pakistani Players Selected by AI: पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने कहा कि फैंस कुछ खिलाड़ियों को बाहर करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सवाल ये है कि खिलाडि़यों की छटनी करें भी तो कैसे, जब उनकी जगह लेने के लिए कोई बेहतर खिलाड़ी बचा ही नहीं है?
Pakistani Players Selected by AI: बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट मैच हारने के बाद दुनियाभर में पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस बीच पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान क्रिकेट के मौजूदा हाल को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप और अब बांग्लादेश के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस कुछ खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि खिलाडि़यों की छटनी करें भी तो कैसे, जब उनकी जगह लेने के लिए कोई बेहतर खिलाड़ी बचा ही नहीं है?
उक्त बयान पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने दिया है। साथ ही ये भी खुलासा किया कि पाकिस्तान क्रिकेट में खिलाड़ियों का चयन कंप्यूटर के माध्यम से होता है। नकवी के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट टीम में सीनियर्स और खराब फॉर्म से जूझ रहे खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट के लिए युवा खिलाड़ी नहीं हैं।
दरअसल, पीसीबी ने घरेलू चैंपियंस कप कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए 5 सीनियर्स को मेंटॉर चुना गया है, जिसमें शोएब मलिक और मिस्बाह उल हक भी शामिल हैं। इसी कप को लेकर नकवी के मुंह से वह सच बाहर निकल गया, जिसे जानकर सभी हैरान हैं। तेज गेंदबाजों की भरमार वाले पाकिस्तान में अब आलम ये है कि गेंदबाज तो छोड़िए, खिलाड़ी भी नहीं बचे हैं। नकवी ने कहा कि समस्या ये है कि चयन समिति के पास चयन के लिए कोई पूल नहीं है। मैंने सर्जरी की बात की, क्योंकि हमें चीजें ठीक करनी हैं, लेकिन कैसे करे जब हमारे पास कोई ठोस डेटा या प्लेयर पूल ही नहीं है।
नकवी ने खुलासा करते हुए कहा कि घरेलू चैंपियंस कप के लिए 150 खिलाड़ियों का चयन किया है। जिसमें 80 प्रतिशत खिलाड़ी AI द्वारा चुने गए हैं और 20 फीसदी का सिलेक्शन इंसानों ने किया है। इसे कोई चुनौती नहीं दे सकता। हमने अपने सेलेक्टर्स को करीब 20 प्रतिशत महत्व दिया। यदि हम किसी खराब खिलाड़ी का रिप्लेसमेंट लाएंगे तो आप शिकायत करेंगे। हमारे पास रिकॉर्ड होंगे तो हम पारदर्शी रूप से देख सकेंगे कि असली हकदार कौन है।