Kevin Pietersen ने कहा कि Mahendra Singh Dhoni की निरंतरता के कारण वह आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ कप्तान उन्हें ही करार देंगे।
नई दिल्ली : एक दिन पहले महेंद्र सिंह धोनी का मजाक उड़ाने के बाद इंग्लैंड (England Cricket Team) के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन (Kevin Pietersen) रविवार को उनके समर्थन में आ गए। बता दें कि आईपीएल के 13 साल पूरे होने पर 50 सदस्यों की जूरी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का सर्वकालिक महान कप्तान संयुक्त रूप से महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को बताया था। लेकिन केविन पीटरसन की नजर में सर्वकालिक महान कप्तान सिर्फ धोनी हैं।
यह दिया कारण
पीटरसन ने कहा कि धोनी की कप्तानी में हर सीजन में उम्मीदों के बोझ बढ़ने के बाद भी चेन्नई सुपर किंग्स की निरंतरता उन्हें आगे रखती है। बता दें कि धोनी ने 12 में से 11 बार चेन्नई सुपरकिंग्स को प्लेऑफ में पहुंचाया है। पीटरसन ने उक्त बातें एक चैनल के शो में कही। उन्होंने कहा कि स्टीफन फ्लेमिंग के साथ उनका तालमेल, टीम में निरंतरता और जिस विकेट पर वह खेलते हैं, इसे देखते हुए उनके खिलाफ जाना मुश्किल है। इसलिए उनका वोट वोट धोनी को जाएगा। हालांकि उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा ने जो किया, वह भी उन्हें पसंद है, लेकिन दबाव और निरंतरता के कारण धोनी की चेन्नई को मेरा वोट जाता है।
एक दिन पहले ही धोनी का उड़ाया था मजाक
बता दें कि केविन का का तालमेल भारतीय क्रिकेटरों के साथ बहुत अच्छी है, खासकर महेंद्र सिंह धोनी से। शनिवार को उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर अपनी और धोनी की तस्वीर पोस्ट कर उनका मजाक उड़ाया। इस तस्वीर में ऐसा लग रहा था कि वह धोनी को कुछ सलाह दे रहे हैं। इसके कैप्शन में लिखा था- हे एमएसडी आप मेरे लिए उस जगह फील्डर क्यों नहीं लगा रहे? आप लोगों के खिलाफ तो रन बनाना बहुत ही आसान है।
सीएसके ने किया पलटवार
केविन पीटरसन का यह पोस्ट न तो महेंद्र सिंह धोनी के प्रशंसकों को पसंद आया और न ही उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी टीम चेन्नई सुपर किंग्स को। इस तस्वीर के जवाब में चेन्नई की टीम ने जो जवाब दिया, वह वायरल हो गई और प्रशंसक इसे बहुत पसंद कर रहे हैं। सीएसके ने एक पीटरसन और महेंद्र सिंह धोनी की एक और तस्वीर पोस्ट की। इसमें धोनी पीटरसन को स्टंप करते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ सीएसके ने लिखा, लेकिन कभी-कभी आपको आउट करने के लिए फील्डर्स की भी जरूरत नहीं होती।
जूरी ने धोनी और रोहित को चुना सर्वश्रेष्ठ कप्तान
18 अप्रैल को आईपीएल के 13 साल पूरे होने पर एक खेल वेबसाइट की 50 सदस्यों वाली जूरी ने चेन्नई सुपर किंग्स के महेंद्र सिंह धोनी और मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा को संयुक्त रूप से आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ कप्तान चुना है। इसके अलावा एबी डिविलियर्स को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और विराट कोहली को आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ भारतीय बल्लेबाज चुना गया है। वहीं सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज श्रीलंका के लसिथ मलिंगा को और भुवनेश्वर कुमार को सर्वश्रेष्ठ भारतीय गेंदबाज बताया गया है, जबकि सर्वश्रेष्ठ आलराउंडर और कोच का खिताब सीएसके शेन वॉटसन और स्टीफेन फ्लेमिंग को मिला।