क्रिकेट

IND vs NZL ODI : दूसरे मैच में भी पूरे दमखम से उतरेगा भारत, बढ़त 2-0 करने पर नजर

माउंट माउंगानुई में शनिवार भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे खेला जाना है। यहां भारत 1-0 की बढ़त के साथ जा रहा है, जिसे वह और मजबूत करना चाहेगा।
3 min read
india vs new zealand
IND vs NZL ODI : दूसरे मैच में भी पूरे दमखम से उतरेगा भारत, बढ़त 2-0 करने पर नजर

माउंट माउंगानुई : भारत और न्‍यूजीलैंड का सीरीज आस्‍ट्रेलिया से भी ज्‍यादा कड़ा बताया जा रहा था, लेकिन पहले वनडे में वैसा मुकाबला देखने को नहीं मिला। इसके बावजूद विशेषज्ञ यह उम्‍मीद कर रहे हैं कि किवीज ने भारतीयों के सामने पहले वनडे में चाहे समर्पण कर दिया हो, लेकिन वह पलटवार करने में सक्षम है। उस पर से पहले वनडे की जीत बीती बात हो गई। अब शनिवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत को जारी पांच मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेलना है और उसे एक बार फिर उसी दमखम से मैदान में उतरना होगा। दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच माउंट माउंगानुई में शनिवार को खेला जाना है। यहां भारत 1-0 की बढ़त के साथ जा रहा है, जिसे वह और मजबूत करना चाहेगा।

भारतीय गेंदबाज हैं शानदार फॉर्म में
पहले वनडे में जीत दिलाने में भारत के गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई थी। किवी टीम के बल्लेबाज मेहमान टीम के गेंदबाजी आक्रमण को झेल नहीं पाए और लगातार अपने विकेट खोते गए। दूसरे मैच में भी टीम इंडिया के कप्‍तान विराट कोहली को अपने गेंदबाजों से उसी प्रदर्शन की दरकार होगी। इस मैच में कुलदीप यादव ने चार विकेट अपने नाम किए थे तो वहीं मोहम्मद शमी ने तीन सफलताएं अर्जित की थीं। युजवेंद्र चहल के हिस्से दो विकेट आए थे और पार्ट टाइम स्पिनर केदार जाधव ने भी एक विकेट अपने नाम किया था। भुवनेश्वर हालांकि विकेट नहीं ले पाए थे, लेकिन वह क्‍लॉस बॉलर हैं। वह कभी भी न्‍यूजीलैंड को परेशानी में डाल सकते हैं। कुलदीप, चहल और जाधव ने मध्य के ओवरों में किवी टीम के बल्लेबाजों पर न सिर्फ अंकुश लगा रखा था, बल्कि विकेट भी चटकाते रहे। इन तीनों ने मेजबान टीम की ताकत उसके मध्यक्रम को रन नहीं बनाने दिया।

शिखर ने दिखाई ताकत
बल्लेबाजी में शिखर धवन जबरदस्‍त तरीके से हल्‍ला बोल दिया। कुछ दिनों से वह अच्‍छी लय में दिख जरूर रहे थे, लेकिन अपनी पारी को लंबा नहीं कर पा रहे थे। यह भारत के लिए अच्छी बात रही कि उन्‍होंने 50 पार का स्‍कोर बनाया। कोहली का फॉर्म बरकरार है। मध्यक्रम में केदार, अंबाती रायडु, महेंद्र सिंह धोनी टीम सभी अच्‍छी लय में दिख रहे हैं।
पहले मैच में हालांकि मध्य क्रम को बल्लेबाजी का ज्यादा मौका नहीं मिला था, लेकिन आस्ट्रेलियाई सीरीज में जिस तरह की फॉर्म इन खिलाड़ियों ने दिखाई थी, उससे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद बरकरार है।

इस बार किवीज की पलटवार की होगी कोशिश
किवी टीम की बात की जाए तो उसकी ताकत उसका मध्यक्रम है। पिछले मैच में हार की सबसे बड़ी वजह उसका विफल हो जाना रहा। कप्तान केन विलियमसन के सिवाए कोई और बल्लेबाज रन नहीं बना पाया। पहले मैच में न तो मार्टिन गुप्टिल का बल्ला चला, न ही रॉस टेलर का। कोलिन मुनरो भी शांत रहे थे और टॉम लाथम भी सस्ते में आउट हो गए थे। कप्‍तान विलियम्‍सन के साथ यह चारों किवी टीम की बल्लेबाजी की धुरी हैं। अगर भारत के सामने उन्‍हें चुनौती पेश करनी है तो इन पांचों में से कम से कम दो को हर हाल में चलना होगा।

गेंदबाज हैं अच्‍छे
न्‍यूजीलैंड की गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्‍ट, टिम साउदी और लॉकी फर्ग्‍यूसन जैसे अच्‍छे तेज गेंदबाज हैं तो वहीं मिशेल सेंटनर जैसा स्पिनर। लेकिन पहले मैच में इनके पास बचाने के लिए ज्यादा रन थे नहीं थे। इसलिए यह ज्‍यादा कुछ कर नहीं सके।


दोनों टीमें इस प्रकार हैं :
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, अंबाती रायडु, शिखर धवन, दिनेश कार्तिक, शुभमान गिल, विजय शंकर, खलील अहमद, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।

न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), ट्रेंट बोल्‍ट, डग ब्रैसवेल, कोलिन डी ग्रांडहोम, लॉकी फर्ग्‍यूसन, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम (विकेटकीपर), कोलिन मुनरो, हेनरी निकोलस, मिशेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, रॉस टेलर।

Published on:
25 Jan 2019 08:03 pm