क्रिकेट

बेंगलूरु टी-20 : आस्‍ट्रेलिया से सीरीज बराबरी करने के लिए भारतीय मध्‍यक्रम को चलना होगा

पिछले मैच में मध्‍यक्रम ने किया लचर प्रदर्शन बुमराह को नहीं मिला अपने जोड़ीदार गेंदबाज का साथ बेंगलूरु में आस्‍ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए 5 टी-20 मैच में भारत 3 जीती है और 2 हारी है
3 min read
पिछले मैच में मध्‍यक्रम ने किया लचर प्रदर्शन बुमराह को नहीं मिला अपने जोड़ीदार गेंदबाज का साथ बेंगलूरु में आस्‍ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए 5 टी-20 मैच में भारत 3 जीती है और 2 हारी है
बेंगलूरु टी-20 : आस्‍ट्रेलिया से सीरीज बराबरी करने के लिए भारतीय मध्‍यक्रम को चलना होगा

बेंगलूरु : दो टी-20 अंतरराष्‍ट्रीय मैच की सीरीज में आस्ट्रेलिया के हाथों पहले टी-20 मैच में तीन विकेट से करीबी हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार को बेंगलूरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले दूसरे और आखिरी टी-20 मैच को जीतकर सीरीज बराबरी पर खत्‍म करने की कोशिश करेगी। रविवार को विशाखापत्‍तनम में खेले गए पहले टी-20 मैच में भारत ने सात विकेट पर 126 रन बनाए थे और 19वें ओवर के अंत तक ऐसा लगा कि मैच पूरी तरह से भारत के कब्जे में आ गया है, लेकिन उमेश यादव आखिरी ओवर में भारतीयय उम्‍मीदों पर खरे नहीं उतर सके और टीम इंडिया को तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद भारत सीरीज में 0-1 से पिछड़ गया है और सीरीज बचाने के लिए दूसरे तथा आखिरी मैच में उसे किसी भी कीमत पर जीत दर्ज करनी होगी।
बेंगलूरु में भारत और आस्‍ट्रेलिया के बीच खेले गए टी-20 मैचों की बात करें तो यहां अब तक 5 मैच खेले हैं। इसमें से भारत 3 जीता है और 2 हारा है। लेकिन इस मैदान पर खेले गए पिछले 2 टी-20 मैचों में भारत को जीत मिली है। इससे भारत के आत्‍मविश्‍वास में बढ़ोतरी होगी।

पहले मैच में नहीं चली थी बल्‍लेबाजी
पहले मैच में मेजबान टीम का मध्यक्रम पूरी तरह लड़खड़ा गया था। भारत के सिर्फ तीन बल्लेबाज लोकेश राहुल (50), महेंद्र सिह धोनी (नाबाद 29) और कप्तान विराट कोहली (24) ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच पाए थे। इतने रन बनाने के लिए धोनी को काफी मशक्‍कत करनी पड़ी थी और इसके लिए 37 गेंद खेल गए थे। काफी कोशिशों के बाद भी वह शॉट नहीं लगा पा रहे थे।

मध्‍यक्रम को दिखाना होगा दम
भारतीय टीम का शीर्षक्रम पहले मैच में ठीक रहा था। टीम इंडिया ने एक समय मात्र दो विकेट पर 69 रन बना लिए थे और वह काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रहा था, लेकिन विराट कोहली और लोकेश राहुल के आउट होने के बाद भारतीय मध्‍यक्रम संघर्ष करता दिखा। इसके बाद भारत 20 ओवर में 7 विकेट खोकर मात्र 126 रन ही बना सका। ऐसे मैच में मध्‍यक्रम को जिम्‍मेदारी उठानी होगी।

गेंदबाजों ने लगा दी थी जान
अगर गेंदबाजी की बात करें तो उन्‍होंने पहले मैच में जिस तरह का प्रदर्शन किया था, वह ठीक-ठाक ही रहा था। जसप्रीत बुमराह ने पहले मैच में 16 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे, तो क्रुणाल पांडया ने भी रनों पर अंकुश लगा रखा था, लेकिन बुमराह को अपने दूसरे जोड़ीदार उमेश यादव से ज्यादा मदद नहीं मिल पाई। ऐसे में बुमराह के जोड़ीदार तेज गेंदबाज को अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा।

आस्‍ट्रेलिया सीरीज जीतने के मौके को नहीं छोड़ना चाहेगी
पहले मैच में रोमांचक जीत दर्ज करने के बाद आस्ट्रेलियाई टीम भारत को उसी की धरती पर हराकर सीरीज जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। मई-जून में होने वाले विश्व कप से पहले इस सीरीज को जीतकर उसमें काफी आत्मविश्वास पैदा होगा। वह भी तब, जबकि विश्‍व कप की टीम में उसके पास वार्नर और स्मिथ भी आ जाएंगे।

गेंदबाज रहे शानदार
कंगारू टीम पिछले मैच के प्रदर्शन को यहां बरकरार रखना चाहेगी। नाथन कूल्टर नाइल से टीम को पिछले मैच जैसे प्रदर्शन की ही उम्मीद रहेगी। वह पिछले मैच में 3 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच रहे थे। उनके लिए बस चिंता की बात कप्तान एरॉन फिंच का फार्म में न होना है। उन्होंने भारत के खिलाफ पिछले चार मैच में 0, 14, 6, 6 रन ही बनाए हैं। लेकिन ग्‍लेन मैक्सवेल जैसे मैच विजेता बल्‍लेबाज का चलना उनके लिए काफी सुकून की बात है। पिछले मैच में उन्होंने काफी अहम भूमिका निभाई थी। यह मैच दोनों टीमों के लिए वनडे सीरीज से पहले मानसिक बढ़त हासिल करने का काम भी करेगा।

टीम (सम्भावित) :
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा , लोकेश राहुल, शिखर धवन, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, विजय शंकर, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, उमेश यादव, सिद्धार्थ कौल, मयंक मारकंडे।

आस्ट्रेलिया : एरॉन फिंच (कप्तान), डी आर्ची शॉर्ट, पैट कमिंस, एलेक्स कैरी, जेसन बेहरनडॉर्फ, नाथन कूल्टर नाइल, पीटर हैंड्सकॉम्‍ब, उस्मान ख्वाजा, नाथन लॉयन, ग्‍लेन मैक्सवेल, झाए रिचर्डसन, केन रिचर्डसन, मार्कस स्टोयनिस, एश्टन टर्नर, एडम जम्पा।

Published on:
26 Feb 2019 05:42 pm