क्रिकेट

AUS vs IND: एडिलेड टेस्ट से बाहर हुए पृथ्वी शॉ, प्रैक्टिस मैच के दौरान लगी थी टखने में चोट

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में बॉउंड्री पर कैच करने का प्रयास करते हुए पृथ्वी शॉ को बाएं टखने में चोट आई थी।
2 min read
Nov 30, 2018
PRITHVI SHAW
AUS vs IND: एडिलेड टेस्ट से बाहर हुए पृथ्वी शॉ, प्रैक्टिस मैच के दौरान लगी थी टखने में चोट

नई दिल्ली।ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच एडिलेड में 6 दिसंबर से होने वाले पहले टेस्ट मुकाबले से भारतीय सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ बाहर हो गए हैं। इस बात की जानकारी BCCI ने अपनी आधिकारिक साइट पर दी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI के खिलाफ भारतीय टीम सिडनी में प्रैक्टिस मैच खेल रही है और इसी दौरान पृथ्वी के टखने में चोट लगी थी। चोट के कारण पृथ्वी को अस्पताल भेजा गया था, स्कैन आने के बाद BCCI ने यह फैसला लिया है।


BCCI ने बयान जारी कर दी जानकारी-
BCCI ने अपने आधिकारिक साइट पर बयान जारी करते हुए बताया कि "CA XI के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे टूर मैच के दौरान बाउंड्री पर कैच करते हुए सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के बाएं टखने में चोट आई है।" आगे बताया कि "इस सुबह शॉ के स्कैन कराए गए और उनके 'लेटरल लिगामेंट' में चोट पाई गई। शॉ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में होने वाले पहले टेस्ट से बाहर रहेंगे। रिकवरी के लिए उन्हें 'इंटेंस रेहाबिलेशन प्रोग्राम' के तहत रखा जाएगा और वह चयन के लिए जल्द उपलब्ध हो जाएंगे।

इस तरह हुए थे चोटिल-
डीप मिड विकेट पर फील्डिंग कर रहे शॉ ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI के बल्लेबाज मैक्स ब्रयांट का कैच लपका, लेकिन वह गेंद को अंदर रखने के प्रयास में अपना संतुलन खो बैठे और सीमा रेखा के पार चले गए। इस प्रयास में शॉ का बायां टखना मुड़ गया और वह बहुत दर्द में दिखे। भारतीय फिजियो पैट्रिक फरहार्ट शॉ के पास तुरंत इलाज के लिए पहुंचे।

ले जाए गए थे अस्पताल-
19 साल के भारतीय ओपनर अपने बाएं पांव पर कोई भी वजन नहीं डाल पा रहे थे, इस कारण उनको मैदान से बाहर उठा के ले जाया गया। BCCI ने बाद में सूचित किया कि शॉ को स्कैन के लिए अस्पताल भेज दिया गया था।

Published on:
30 Nov 2018 11:21 am