
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी बॉक्सिंग डॉ टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने एक बार फिर अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए यहां मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर शानदार शतक लगाया है। पुजारा ने इस शतक के साथ भारतीय पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए खेलते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में पीछे छोड़ दिया है।
गांगुली को पीछे छोड़ लक्ष्मण की बराबरी की -
जी हां! इस टेस्ट मैच में पुजारा ने शानदार बल्लेबाजी की और 319 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौकों की मदद से 106 रन ठोके। उन्होंने कप्तान कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए 170 रनों की साझेदारी की। पुजारा ने 114वें ओवर की पहली गेंद पर नाथन लॉयन पर चौका मार टेस्ट में अपना 17वां शतक पूरा किया। इसी के साथ उन्होंने टेस्ट में शतकों के मामलों में भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया है। गांगुली के टेस्ट में 16 शतक हैं। पुजारा ने टेस्ट में शतकों के मामले में भारत के वीवीएस लक्ष्मण की बराबरी कर ली है। लक्ष्मण के भी टेस्ट में 17 शतक हैं।
मैच का हाल -
इस मैच में बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी कर भारत को एक मजबूत स्थिति में पंहुचा दिया है। खबर लिखे जाने तक भारत ने पांच विकेट खोकर 387 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर रोहित शर्मा (40) और ऋषब पंत (10) रन बनाकर खेल रहे हैं। पुजारा और कोहली के अलावा भारत के लिए इस मैच में पदार्पण कर रहे मयंक अग्रवाल ने 76 रन बनाए। मयंक पहले दिन ही आउट हो गए थे।