
नई दिल्ली। आईपीएल फ्रेंचाइजी किंग्स इलेवन पंजाब के लिए सालों से खेल रहे भारतीय विकेट कीपर रिदीमान साहा इस साल सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलेंगे। साहा का इस साल पंजाब से नहीं खेलना पंजाब टीम को काफी महंगा साबित हो सकता है। साहा को हैदराबाद ने पांच करोड़ रुपए में खरीदा है। आईपीएल ऑक्शन में पंजाब साहा को आरटीएम के तहत अपनी टीम में शामिल कर सकती थी लेकिन पंजाब ने ऐसा नहीं किया और उन्हें हैदराबाद में जाने दिया।
फाइनल में शतक जड़ चुके हैं साहा
पंजाब के लिए साल 2014 के फाइनल मुकाबले में शतकीय पारी खेलने वाले साहा की जगह पंजाब ने तेज गेंदबाज मोहित शर्मा, आलराउंडर मार्क्स स्टोइनिस और विस्फोटक बल्लेबाज डेविड मिलर को आरटीएम का प्रयोग कर टीम में बनाए रखा है। वहीं फिरकी गेंदबाज अक्षर पटेल को पहले से रिटेन किया था। बता दें साल 2014 के आईपीएल फाइनल में कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ साहा ने शानदार शतक लगे था। साहा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में 115 रनों की तूफानी पारी खेली थी।
टीम के लिए किसी भी क्रमांक में खेल सकते हैं
अपनी नई टीम सनराइजर्स हैदराबाद में शामिल होने के बाद साहा खुश हैं और इस आईपीएल सीजन में अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं। साहा हैदराबाद के लिए किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी करने को तैयार हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साहा ने कहा, ”अगर मुझे टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है तो अच्छा होगा, नहीं तो मैं मिडल या लोअर मिडल ऑर्डर में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार हूं”। बता दें टीम के पास शिखर धवन और डेविड वार्नर के रूप में दुनिया के सबसे बेहतरीन सलामी बल्लेबाज हैं। पंजाब के लिए साहा ने बहुत बार नंबर तीन पर बल्लेबाजी की हैं और अच्छा प्रदर्शन किया हैं ऐसे में हैदराबाद भी चाहेगा के साहा ज्यादा से ज्यादा बल्लेबाजी करें।