
नई दिल्ली। भारत की सबसे अच्छी सलामी जोड़ी कही जाने वाली वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर की जोड़ी एक बार फिर एक साथ देखने को मिलेगी। लेकिन इस बार क्रिकेट के मैदान में नहीं बल्कि डीडीसीए द्वारा गठित की गयी एक समिति में। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने बुधवार को चार सदस्यीय क्रिकेट समिति के गठन की घोषणा की। पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी राहुल सांघवी और आकाश चोपड़ा को इस समिति में शामिल किया गया है।
गंभीर ने अभी सन्यास नहीं लिया है
इस समिति में भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी गौतम गंभीर को विशेष आमंत्रण के तहत शामिल किया गया है। लोढा समिति द्वारा की गई सिफारिशों और राज्य संघ के लिए बीसीसीआई दिशानिर्देशों के अनुसार क्रिकेट समिति को विभिन्न चयन समितियों का गठन करने के लिए अधिकृत किया गया है। इसके साथ ही इस समिति का कार्य दिल्ली में क्रिकेट के सुधार हेतु डीडीसीए को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देना होगा। इस समिति की काम दिल्ली क्रिकेट की दिशा और दशा तय करना होगा। इस समिति के पास कोचों और चयनकर्ताओं को चुनने के अलावा खेल से जुड़े अन्य मसलों पर कई अधिकार होंगे।
सहवाग और गंभी का आना तय था
डीडीसीए अध्यक्ष रजत शर्मा ने एक विज्ञप्ति में कहा कि नियुक्तियां लोढ़ा समिति की सिफारिशों के अनुरूप की गई है लेकिन इससे हितों के टकराव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। गंभीर ने अभी क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है, लिहाजा वह चयनकर्ताओं का चयन कैसे कर सकते हैं, जो बदले में उन्हें चुनेंगे. गंभीर पिछले साल डीडीसीए में सरकार के प्रतिनिधि थे, लेकिन पूर्व प्रशासक जस्टिस विक्रमजीत सेन ने उस फैसले पर रोक लगा दी थी। शर्मा के अध्यक्ष बनने के बाद ये तय मन जा रहा था के गंभीर और सेहवाग को डीडीसीए में अहम भूमिका मिलेगी और ऐसा ही हुआ। बता दें सहवाग की एक क्रिकेट अकादमी है और वह इंडिया टीवी पर कमेंटेटर भी है जिसके मालिक रजत शर्मा खुद हैं। वहीं बात की जाए राहुल संघवी और आकाश चोपड़ा की तो राहुल आईपीएल में मुंबई इंडियंस के सदस्य हैं। जबकि आकाश चोपड़ा स्पोर्ट्स चैनलों पर कमेंट्री करते हैं। दोनों खिलाड़ी मुंबई में रहते हैं।