R Ashwin on Tilak Varma: आर अश्विन ने तिलक वर्मा के लगातार खराब प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें सलाह दी है कि आप वैभव सूर्यवंशी की तरह खेल सकते हैं, लेकिन आप तिलक की तरह भी खेल सकते हैं, जो टाइमिंग पर भरोसा करते हैं और गैप चुनते हैं।
R Ashwin on Tilak Varma: भारत ने अपने T20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान में ग्रुप स्टेज के बाद अब सुपर 8 में कड़ी परीक्षा के लिए तैयार है। डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया अगले चरण में बड़ी टीमों से सामन होने वाला है। जिसमें 2024 के रनर-अप साउथ अफ्रीका के अलावा वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे शामिल हैं। 2024 विश्व विजेता भारत अभी तक इस टूर्नामेंट में अजेय है। हालांकि इस दौरान टीम इंडिया की कई कमजोरियां सामने आई हैं, जिन्हें उसे सुपर-8 से पहले सुधारना होगा, नहीं तो उसके लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो सकती है।
पूर्व भारतीय दिग्गज आर अश्विन ने ऐश की बात में टीम की कंसिस्टेंसी की तारीफ की है और माना कि नीदरलैंड्स के खिलाफ परफॉर्मेंस में कोई कमी नहीं थी। उन्होंने बताया कि सूर्यकुमार यादव ने सावधानी से पारी को संभाला, जबकि शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या और रिंकू सिंह सही समय पर स्कोरिंग रेट बढ़ाने के लिए तैयार थे। अश्विन ने जोर देकर कहा कि जब भारत अपनी सबसे अच्छी फॉर्म में नहीं होता है, तब भी उसे हराना मुश्किल है।
अश्विन ने सबसे छोटे फॉर्मेट में तिलक वर्मा के अप्रोच पर भी बात की, खासकर जब वह चोट के बाद वापसी कर रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि T20 में सफलता हमेशा जबरदस्ती पर निर्भर नहीं करती। उन्होंने टाइमिंग और प्लेसमेंट की वैल्यू पर जोर दिया।
अश्विन ने कहा कि तिलक वर्मा चोट के बाद वापस आ रहे हैं। हम पावर और ताकत की बात करते हैं, लेकिन स्वीट स्पॉट और टाइमिंग बैटिंग का बेसिक हिस्सा हैं। तिलक कोई बड़े पावर हिटर नहीं हैं। उनके लिए टाइमिंग और स्वीट स्पॉट ढूंढना सबसे जरूरी है। प्लीज याद रखें, आप वैभव सूर्यवंशी की तरह खेल सकते हैं, लेकिन आप तिलक की तरह भी खेल सकते हैं, जो टाइमिंग पर भरोसा करते हैं और गैप चुनते हैं।
बता दें कि सुपर-8 में भारत का पहला मुकाबला 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका से होगा। इसके बाद दूसरा मैच 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्मबाब्वे से होगा और उसका इस चरण का आखिरी मुकाबला एक मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डंस में वेस्टइंडीज से होगा।