
R Ashwin on Sanju Samson exclusion: पूर्व भारतीय स्पिन ऑलराउंडर ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन से अनुभवी संजू सैमसन को बाहर करने और वैभव सूर्यवशी को उनकी जगह लाने पर हेड कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि संजू के साथ सही नहीं हुआ है और यह गंभीर भी अच्छे से जानते हैं। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि क्या क्या सोशल मीडिया गंभीर के सेलेक्शन के फैसलों पर असर डाल रहा है?
आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में संजू सैमसन के लगातार तीन मैचों सिंगल डिजिट स्कोर के बाद मैनचेस्टर मैच के लिए प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया गया था। उनकी जगह टीनएज ओपनर वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू कराया। लेकिन, भारत यह मैच चार विकेट से हार गया, जिसमें सूर्यवंशी 10 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से सिर्फ 14 रन बना सके।
आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि वह इस बात से हैरान हैं कि इस साल की शुरुआत में भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट होने के बावजूद संजू सैमसन को बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अभी मैं परेशान हूं, क्योंकि सैमसन को टीम से इतनी जल्दी निकाल दिया गया। संजू क्या सोच रहा होगा? जब वह नेट्स में प्रैक्टिस करेगा तो वह कितना मोटिवेटेड होगा?
उन्होंने आगे कहा कि अब आपके पास टॉप ऑर्डर में पहले से ही तीन लेफ्ट-हैंडर हैं। अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन। मैं आपको बता रहा हूं कि अब वे नंबर-3 के लिए संजू पर जरूर विचार करेंगे। कोचिंग स्टाफ और गौतम गंभीर समेेत सभी जानते हैं कि यह संजू के साथ सही नहीं हुआ है। इसलिए अब उन्हें किसी तरह स्थिति को संभालना होगा।
अश्विन ने अंत में कहा कि मुझे एक बात की चिंता भी सता रही है। क्या सोशल मीडिया की बातें और बाहर का सारा शोर टीम तक आ रहा है? क्या इससे फैसले लेने पर असर पड़ रहा है? मैं लंबे समय से क्रिकेट देख रहा हूं और मैंने भारतीय टीम में कई नेताओं को देखा है। उन्होंने कभी भी बाहर के शोर को ड्रेसिंग रूम तक नहीं आने दिया और ऐसा ही होना भी चाहिए।