क्रिकेट

Rachin Ravindra Birthday: 27 साल की उम्र में ही रचिन रवींद्र ने बना डाले कई बड़े रिकॉर्ड, जाने रचिन रवींद्र की 7 खास उपलब्धियां

Happy Birthday Rachin Ravindra: न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने महज 27 साल की उम्र में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। जानिए उनके करियर की 7 ऐतिहासिक उपलब्धियां और शानदार प्रदर्शन के बारे में।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 3:00 AM IST
Rachin ravindra happy birthday Latest.
न्यूजीलैंड के क्रिकेटर रचिन रवींद्र। (Photo - IANS)

क्रिकेट की दुनिया में कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जो बहुत कम समय में अपनी अलग पहचान बना लेते हैं। न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर रचिन रवींद्र भी ऐसे ही खिलाड़ियों में शामिल हैं। महज 27 साल की उम्र में उन्होंने कई ऐसे कारनामे किए हैं, जिन्हें हासिल करने में खिलाड़ियों को लंबा समय लग जाता है। बल्लेबाजी में उनके पास शानदार तकनीक है, तो गेंदबाजी में भी वह टीम के लिए उपयोगी साबित होते हैं। साल 2023 का वनडे वर्ल्ड कप हो या 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी, रचिन ने हर बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ी है। आइए उनके जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनके करियर की 7 बड़ी उपलब्धियां।

पहले ही वनडे वर्ल्ड कप में 578 रन

रचिन रवींद्र के करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन 2023 वनडे वर्ल्ड कप में देखने को मिला। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 10 मैच खेले और 578 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक निकले। पहले ही वर्ल्ड कप में इतना शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने दुनिया भर के क्रिकेट फैंस का ध्यान खींचा। टूर्नामेंट में वह न्यूजीलैंड की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

टेस्ट क्रिकेट में जड़ा 240 रन का दोहरा शतक

फरवरी 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रचिन रवींद्र ने 240 रन की शानदार पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक था। उनकी इस पारी ने दिखाया कि वह सिर्फ सीमित ओवरों के क्रिकेट में ही नहीं, बल्कि टेस्ट में भी लंबी पारी खेलने की क्षमता रखते हैं।

सबसे कम उम्र में जीता बड़ा सम्मान

मार्च 2024 में रचिन रवींद्र को न्यूजीलैंड क्रिकेट का प्रतिष्ठित सर रिचर्ड हैडली मेडल मिला। 24 साल की उम्र में यह सम्मान जीतकर वह न्यूजीलैंड के सबसे युवा खिलाड़ी बने। रचिन रवींद्र ने मात्र 24 वर्ष की आयु में यह सम्मान हासिल कर इतिहास रचा था।

भारत में टेस्ट सीरीज जीतने का हिस्सा बने

2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को उसी की धरती पर टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया था। इस ऐतिहासिक जीत में रचिन रवींद्र ने बेंगलुरु टेस्ट में 134 रन की शानदार पारी खेली थी। वह सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। उन्होंने उस टेस्ट सीरज में 256 रन बनाए थे। उसने आगे सिर्फ ऋषभ पंत थे, जिन्होंने कुल 261 रन बनाए थे।

चैंपियंस ट्रॉफी में बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में रचिन रवींद्र ने चार मैचों में 106.47 की स्ट्राइक रेट से 263 रन बनाए। उन्होंने दो शतक लगाए और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

इंग्लैंड में भी दिखाया बल्लेबाजी का दम

इंग्लैंड की काउंटी टीम डरहम के लिए खेलते हुए रचिन रवींद्र ने 2022 में वॉर्सेस्टरशायर के खिलाफ 217 रन की शानदार पारी खेली थी। यह उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट के शुरुआती बड़े कारनामों में से एक था। इस तरह रचिन रवींद्र डरहम के इतिहास में डेब्यू मैच में दोहरा शतक लगाने वाले केवल तीसरे खिलाड़ी बने

ICC इमर्जिंग क्रिकेटर ऑफ द ईयर बने

वर्ष 2023 में शानदार प्रदर्शन के लिए रचिन रवींद्र को ICC इमर्जिंग मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया। यह सम्मान उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने इसके लिए यशस्वी जायसवाल, गेराल्ड कोएत्जे, और दिलशान मदुशंका को पीछे छोड़ा था।

महज 27 साल की उम्र में रचिन ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपनी काबिलियत साबित की है। जिस तरह उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है, उसे देखते हुए आने वाले समय में उनसे कई और बड़े रिकॉर्ड की उम्मीद की जा सकती है।

Published on: