क्रिकेट

‘Rohit Sharma-Virat Kohli की खलेगी कमी’, न्यूजीलैंड के खिलाफ अगली सीरीज से पहले राहुल द्रविड़ ने क्यों कही ये बात

WTC 2025-27: राहुल द्रविड़ ने उम्मीद जताई है कि टीम इंडिया मौजूदा WTC चक्र में शानदार प्रदर्शन कर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकती है। उन्होंने न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज को लेकर भी बड़ा बयान दिया।
2 min read
Aug 26, 2026
Virat Kohli Rahul Dravid
विराट कोहली और राहुल द्रविड़ (फोटो- BCCIX)

Rahul Dravid on Team India WTC Final Scenario: टीम इंडिया ने श्रीलंका को पहले टेस्ट में हराकर अपने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है और दूसरे टेस्ट में भी अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। इस सीरीज के बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 और अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी हैं। इन दोनों सीरीज में टीम इंडिया का प्रदर्शन तय करेगी कि वो फाइनल में पहुंचेगी या नहीं। हालांकि टीम इंडिया को पूर्व कोच राहुल द्रविड़ को पूरा भरोसा है कि शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम WTC के फाइनल में जगह बना सकती है। लेकिन उन्होंने न्यूजीलैंड दौरे पर रोहित शर्मा, विराट कोहली चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे जैसे बल्लेबाजों की कमी खलने की भी बात कही।

टीम इंडिया की जीत प्रतिशत हुआ बेहतर

भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में शानदार जीत हासिल की थी, जिसके बाद शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने डब्ल्यूटीसी स्टैंडिंग में पांचवां स्थान बरकरार रखा है और जीत प्रतिशत को 48.14 से बढ़ाकर 53.33 कर लिया है। जियोहॉटस्टार से बात करते हुए द्रविड़ ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि वे फाइनल में पहुंच जाएंगे। अगर भारत यहां से डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए क्वालीफाई कर पाता है, तो यह एक शानदार सफर होगा। वे थोड़े पीछे रह गए हैं, लेकिन भारतीय टीम में जिस तरह की गुणवत्ता है, उसे किसी भी स्टेज पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अच्छी शुरुआत की है, इसलिए यह एक अच्छा पहला कदम है।"

द्रविड़ ने कहा, "न्यूजीलैंड में जाकर खेलना हमेशा एक चुनौती होती है। घर से दूर उनके खिलाफ खेलना मुश्किल होता है। कई युवा भारतीय खिलाड़ियों ने उन हालात में नहीं खेला है, इसलिए यह एक बड़ी चुनौती होगी। उम्मीद है कि वे खिलाड़ियों को फिट रख पाएंगे और अगले कुछ महीनों में ज्यादा चोटें नहीं लगेंगी। हमें विराट कोहली, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा जैसे खिलाड़ियों के अनुभव की कमी खलेगी, जो शायद पिछली बार भारत के दौरे के समय वहां मौजूद थे। इसलिए यह सीरीज भी दिलचस्प होगी।"

पिछली बार 2-0 से हारा था भारत

भारत अगले साल जनवरी से 'बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी' के पांच टेस्ट मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगा। द्रविड़ ने कहा, "ऑस्ट्रेलिया के साथ मुकाबला बहुत रोमांचक होगा। उनके कई खिलाड़ी भारत में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बहुत उत्सुक होंगे।" डब्ल्यूटीसी साइकिल के तहत भारतीय टीम इस साल नवंबर में दो टेस्ट मैच खेलने के लिए न्यूजीलैंड का दौरा करेगी। पिछली बार भारत को न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था।

Updated on:
26 Aug 2026 07:34 am
Published on:
26 Aug 2026 07:34 am