क्रिकेट

राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट तो शुभमन गिल को क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से नवाजेगा BCCI

NAMAN Award Ceremony: BCCI 15 मार्च को सालाना NAMAN अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन करने जा रहा है। रिपोर्ट की मानें तो इस दौरान शुभमन गिल को क्रिकेटर ऑफ द ईयर और राहुल द्रविड़ को कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।

2 min read
Mar 12, 2026
भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ और भारतीय टेस्‍ट व वनडे टीम के कप्‍तान शुभमन गिल। (फोटो सोर्स: IANS)

NAMAN Award Ceremony: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से 15 मार्च को नई दिल्ली में वार्षिक NAMAN अवॉर्ड्स सेरेमनी के आयोजन की तैयारी की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, अवॉर्ड पाने वालों में भारत के टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल और पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ भी शामिल हैं। एक रिपोर्ट में पहले कहा गया था कि बीसीसीआई भारतीय टीम के उन सदस्यों को सम्मानित करने की योजना बना रहा है, जो 5 आईसीसी ट्रॉफी जीत का हिस्सा रहे, जिसमें चैंपियंस ट्रॉफी 2025, महिला वर्ल्ड कप 2025, U19 वर्ल्ड कप 2025, U19 महिला वर्ल्ड कप 2025 और T20 वर्ल्ड कप 2026 शामिल हैं।

ये भी पढ़ें

पाकिस्तान के बल्लेबाज कांप रहे थे… भारत के टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद शाहिद अफरीदी को आई 2011 की याद

गिल को क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, शुभमन गिल को 15 मार्च को बीसीसीआई की ओर से क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिलने वाला है। पंजाब के इस बल्‍लेबाज ने पिछले साल टेस्ट और वनडे में रोहित शर्मा से कमान संभालने के बाद तेजी से तरक्की की है। बतौर बल्‍लेबाज वह खेल के सबसे लंबे फॉर्मेट और वनडे इंटरनेशनल में शानदार रहे हैं। हालांकि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उतने अच्‍छे नहीं रहे। गिल ने अभी तक भारत के कप्तान के तौर पर कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है।

द्रविड़ को कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

वहीं, भारत के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ ने टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जिताया था। उन्हें इस उपलब्धि के लिए कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाने वाला है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मुंबई के आयुष म्हात्रे को घरेलू लिमिटेड ओवर क्रिकेट में बेस्ट ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ अवॉर्ड दिया जाएगा।

मिताली राज को भी लाइफटाइम अवॉर्ड

इसके अलावा रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत की पूर्व महिला कप्तान मिताली राज को भी लाइफटाइम अवॉर्ड मिलने वाला है और बीसीसीआई इस पर विचार कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को घरेलू क्रिकेट में बेस्ट एसोसिएशन के तौर पर सम्मानित किया जाएगा।

अवॉर्ड सेरेमनी में सम्‍मानित होंगे टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के विजेता

बीसीसीआई की इस अवॉर्ड सेरेमनी में पिछले साल ग्लोबल टूर्नामेंट में भारत की शानदार सफलता को सम्मानित किया जाएगा। पुरुषों के T20 वर्ल्ड कप 2026 के विजेताओं के अलावा, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम को भी बुलाया जाएगा। साथ ही सीनियर महिला टीम और भारत की अंडर-19 लड़कों और लड़कियों की टीमों को भी बुलाया जाएगा, जिन्होंने 2025 में ICC ट्रॉफी जीती थीं।

Also Read
View All

अगली खबर