क्रिकेट

शतक जड़ कभी ना टूटने वाला रिकॉर्ड बना गए केएल राहुल, किसी भी बल्लेबाज के लिए इसे तोड़ना लगभग नामुमकिन

इस मैच में राहुल ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जिसे तोड़ पाना किसी भी अन्य भारतीय खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होगा।
2 min read
• •
Updated: 4 Jul 2018, 10:53 AM IST
lokesh rahul
शतक जड़ कभी ना टूटने वाला रिकॉर्ड बना गए केएल राहुल, किसी भी बल्लेबाज के लिए इसे तोड़ना लगभग नामुमकिन

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफर्ड मैदान पर खेले गए पहले टी20 मैच में भारत ने लोकेश राहुल के शानदार शतक की बदौलत मेजबान इंग्लैंड को आठ विकेट से हरा दिया। इस मैच में राहुल ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जिसे तोड़ पाना किसी भी अन्य भारतीय खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होगा।

राहुल ने रचा ये कीर्तिमान
जी हां! मंगलवार को खेले गए इस मैच में राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 10 चौके और पांच छक्कों की मदद से शतकीय पारी खेली। राहुल इस शतक के साथ पांच अलग-अलग महाद्वीप में शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। राहुल ने अफ्रीका, एशिया, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप में शतक जड़ा है। इतना ही नहीं इस शतक के साथ राहुल भारत के लिए टी-20 में दो शतक लगाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले रोहित ने टी-20 में दो शतक जड़े हैं। रोहित ने इस मैच में 32 रन बनाए और राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी की।

कुलदीप के सामने इंग्लैंड ढेर
इस मैच में भारत ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम कुलदीप यादव की फिरकी के सामने नाकाम रही और बुरी तरह लड़खड़ा गयी। कुलदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को बड़ा स्कोर करने से महरूम रखा। अच्छी शुरुआत के बाद इंग्लैंड बड़े स्कोर की ओर जा रही थी, लेकिन कुलदीप ने 14वें ओवर में तीन विकेट लेकर उसे 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 159 रनों पर ही सीमित कर दिया।

पांच विकेट लेने वाले पहले चाइनामैन गेंदबाज
कुलदीप ने इस मैच में पांच विकेट झटके। यह कुलदीप का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। इसी के साथ कुलदीप टी-20 में पांच विकेट लेने वाले पहले चाइनामैन गेंदबाज बन गए हैं। साथ ही वह खेल के इस सबसे छोटे प्रारुप में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारत के तीसरे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले भुवनेश्वर कुमार और युजवेंद्रा चहल ने यह उपलब्धि हासिल की है। दोनों इस मैच में भी खेले रहे हैं लेकिन एक भी विकेट नहीं ले सके।

Published on: