क्रिकेट

राजस्थान ने डिफेंडिंग चैंपियन झारखंड को 55 रनों से रौंदा, लगातार दूसरी जीत के साथ SMAT 2026 की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचा

SMAT 2026: सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी 2026 के दूसरे चरण के मुकाबले में राजस्‍थान की टीम ने डिफेंडिंग चैंपियन झारखंड के खिलाफ 55 रनों से शानदार जीत दर्ज की है। इसके साथी ही वह SMAT 2026 की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गया है।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 3:07 PM IST
Rajasthan vs Jharkhand in SMAT 2026
राजस्‍थान के गेंदबाज मानव सुथार। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/CricInformer)

Rajasthan vs Jharkhand in SMAT 2026: देश के सबसे बड़े घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्‍ताक अली टॉफी 2026 में सोमवार 16 नवंबर को ग्रुप चरण में दूसरे दौर के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इसी कड़ी में मुंबई के शरद पवार क्रिकेट एकेडमी बीकेसी में राजस्‍थान और डिफेंडिंग चैंपियन झारखंड के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में राजस्‍थान पहले बल्‍लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर 166 के स्‍कोर पर ऑलआउट हो गई। 167 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी झारखंड की टीम 17.5 ओवर में महज 111 रनों पर सिमट गई और राजस्‍थान ने 55 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही राजस्‍थान की टीम ने SMAT 2026 की ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्‍थान हासिल कर लिया है। यह राजस्‍थान की टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हैं। इससे पहले पहले ग्रुप चरण मैच में राजस्‍थान ने उत्‍तर प्रदेश को 6 विकेट से हराया था।

बेहद खराब शुरुआत के बावजूद राजस्‍थान ने रखा 167 रन का लक्ष्‍य

टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी राजस्‍थान टीम की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने अपना पहला विकेट अभिजीत तोमर (0) के रूप में शून्‍य के स्‍कोर पर गंवा दिया। दूसरे विकेट के लिए रोहन राजबर और महिपाल लोमरोर के बीच 5.3 ओवर में 54 रनों की साझेदारी हुई। रोहन 23 गेंदों पर 6 चौके और एक छक्‍के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राजस्‍थान को 78 के स्‍कोर पर तीसरा बड़ा झटका लोमरोर के रूप में लगा, जो कि 21 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

फिर 89 के स्‍कोर पर चौथा झटका कुनाल सिंह राठौर (3) के रूप में लगा। इसके बाद राजस्‍थान का पांचवां विकेट कार्तिक शर्मा के रूप में 14.3 ओवर में 113 के स्‍कोर पर लगा। उन्‍होंने 17 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्‍कों की मदद से 31 रन की पारी खेली। इसके बाद बैक-टू-बैक विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 19.3 ओवर में 166 पर ऑलआउट हो गई। झारखंड की ओर से अंकुल रॉय ने सबसे ज्‍यादा तीन विकेट लिए।

मानव सुथार ने चटकाए तीन विकेट

167 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी झारखंड की शुरुआत तो राजस्‍थान से भी खराब रही, उसने 4.1 ओवर में सिर्फ 28 के स्‍कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। लेकिन, इसके बाद भी उसके नियमित अंतराल पर विकेट गिरे और पूरी टीम 17.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। झारखंड की ओर से सुशांत मिश्रा ने सबसे ज्‍यादा 30 गेंदों पर चार चौके और दो छक्‍कों की मदद से 40 रन बनाए। वहीं, राजस्‍थान की ओर से मानव सुथार ने तीन विकेट चटकाए।

Updated on:
16 Nov 2026, 3:07 PM IST
Published on: