
नई दिल्ली। आईपीएल का 11वं संस्करण 7 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। इसका उद्घाटन मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में मौजूदा चैम्पियन मुंबई इंडियंस और दो बार के चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। स्पॉट फिक्सिंग के कारण दो साल का प्रतिबंध झेलने के बाद पूर्व चैम्पियन क्लब राजस्थान रॉयल्स इस साल लीग में वापसी कर रहा है। राजस्थान रॉयल्स की टीम पेपर में काफी संतुलित और मजबूत नज़र आ रही है। आईपीएल ऑक्शन में टीम ने इस साल पहली बार महंगे खिलाड़ियों को खरीदा है। आइए एक नज़र डालते है इस टीम के खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ और मैनेजमेंट पर
पुराने खिलाड़ियों को फिर से खरीदा
इस साल राजस्थान रॉयल्स ने ऑक्शन में सबसे महंगी बोली लगा कर इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को खरीदा है। रॉयल्स ने 12.5 करोड़ की बोली लगा स्टॉक्स को अपनी टीम में खरीदा है। राजस्थान ने अपने पुराने खिलाड़ी जैसे अजिंक्य रहाणे , संजू सैमसन, स्टुअर्ट बिन्नी, धवल कुलकर्णी को भी टीम में वापस लिया है। वहीं चार साल बाद राजस्थान रॉयल्स अपने होम ग्राउंड जयपुर में मैच खेलेगा। राजस्थान रॉयल्स अपने सारे होम मैच जयपुर के सवाई मान सिंह मैदान में खेलेगा।
वार्न की टीम में वापसी
इतना ही नहीं राजस्थान रॉयल्स को साल 2008 में आईपीएल के पहले संस्करण का खिताब जितने वाले ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज शेन वार्न एक बार फिर इस टीम के साथ जुड़ गए हैं। वार्न को टीम का मेंटॉर बनाया गया है। इससे से पहले भारतीय दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ इस टीम के मेंटॉर थे। इसके अलावा मुंबई के बल्लेबाज जुबिन बारुचा को इस साल अपना मुख्य कोच नियुक्त किया है। वह 2008 में भी क्लब के साथ जुड़े थे। अपने इस कोचिंग स्टॉफ को मजबूत करने के लिए रॉयल्स ने सैराज बहुतुले को टीम का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। वहीं टीम की कप्तानी ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ के हाथों में सौपी गई है स्मिथ साल 2015 में भी राजस्थान के कप्तान रह चुके हैं।
राजस्थान अपना पहला मैच 9 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद से हैदराबाद में खेलेगा।
राजस्थान रॉयल्स: स्टीव स्मिथ (कप्तान) अजिंक्य रहाणे, बेन स्टोक्स, जयदेव उनादकट, जोस बटलर, राहुल त्रिपाठी, डार्सी शॉर्ट, संजू सैमसन, प्रशांत चोपड़ा, धवल कुलकर्णी, आर्यमान बिरला, जोफ्रा आर्चर, बेन लॉफलिन, अनुरीत सिंह, दुश्मान्था चमीरा, ज़हीर खान, मिधुन एस, अंकित शर्मा, स्टुअर्ट बिन्नी, कृष्णप्पा गौतम, जतिन सक्सेना, श्रेयस गोपाल, महिपाल लोमरोर.