
Rajat Patidar has been withdrawn from the India A squad: भारतीय क्रिकेटर रजत पाटीदार ने एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत-ए टीम से अपना नाम वापस ले लिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार को इसकी जानकारी दी। बीसीसीआई के मुताबिक, रजत पाटीदार ने बोर्ड को सूचित किया है कि वह अपनी मौजूदा चोटों से उबरने और उनका प्रबंधन करने के लिए टूर्नामेंट में चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहना चाहते हैं।
रजत पाटीदार के अनुरोध को स्वीकार करते हुए मेंस सिलेक्शन कमेटी ने 15 सदस्यीय भारत-ए टीम में उनकी जगह आयुष बदोनी को शामिल किया है। वहीं, रिंकू सिंह को भारत-ए टीम का नया उपकप्तान नियुक्त किया गया है। बता दें कि टूर्नामेंट में तिलक वर्मा भारत-ए की कप्तानी करेंगे। गौरतलब है कि रजत पाटीदार आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में मध्य प्रदेश की टीम की कप्तानी करने की तैयारी कर रहे हैं। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 14 नवंबर से होगी।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप का आयोजन 19 से 29 नवंबर तक कतर की राजधानी दोहा में किया जाएगा। टूर्नामेंट में भारत-ए को ग्रुप-बी में पाकिस्तान-ए, नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के साथ रखा गया है।
भारत-ए अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला 24 नवंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी। टूर्नामेंट के प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 29 नवंबर को होगा।
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अर्शद खान और आयुष बदोनी।
खबर अपडेट हो रही है