क्रिकेट

Ranji Trophy 2026-27: 3 दिन में ही डिफेंडिंग चैंपियन जम्मू-कश्मीर ने टेके घुटने, 2024-25 की चैंपियन ने चटाई धूल

Jammu and Kashmir vs Vidarbha: रणजी ट्रॉफी 2026-27 के ग्रुप A के एक मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन जम्मू कश्मीर को विदर्भ ने हराकर अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है।
2 min read
• •
Oct 20, 2026
Jammu and Kashmir
जम्मू और कश्मीर (फोटो- IANS)

Jammu Kashmir vs Vidarbha, Ranji Trophy 2026-27:रणजी ट्रॉफी 2026-27 के ग्रुप ए मुकाबले में विदर्भ ने डिफेंडिंग चैंपियन जम्मू-कश्मीर के खिलाफ रोमांचक जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर की टीम ने पहली पारी में 260 और दूसरी पारी में 123 रन बनाए, जबकि विदर्भ ने पहली पारी में 305 रन बनाए थे, जिससे उसे 45 रन की बढ़त मिल गई थी। लेकिन दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर के सिर्फ 123 रन पर ढेर हो जाने की वजह से विदर्भ की जीत और आसान लगने लगी और 81 रन के लक्ष्य को विदर्भ ने 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

विदर्भ के गेंदबाजों ने ढाया कहर

इस मुकाबले में विदर्भ ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जम्मू-कश्मीर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 31 रन पर उसने दो विकेट गंवा दिए। लेकिन उसके बाद पारस डोगरा और कमलप्रीत सिंह के बीच 111 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी के टूटने के बाद एक बार फिर से टीम लड़खड़ा गई और पूरी टीम 260 रन पर ढेर हो गई। नचिकेत भूते ने 3, रजनीश गुरबानी ने दो और यश ठाकुर ने दो विकेट लिए। इसके अलावा प्रफुल्ल हिंगे और हर्ष दुबे को भी एक-एक सफलता मिली।

विदर्भ की पहली पारी में रवि कुमार समर्थ ने 143 रन की पारी खेली, जबकि रजनीश गुरबानी ने 64 रन बनाए। लेकिन इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सका। छह बल्लेबाज तो दहाई के आंकड़े को भी नहीं पार कर सके। लेकिन रवि कुमार समर्थ की 143 रन की पारी की बदौलत विदर्भ 300 के पार पहुंचने में सफल रहा।

123 रन पर ही ढेर हो गई JK

जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी और भी खराब रही और टीम के चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके, जबकि आठ बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सके। जिन तीन बल्लेबाजों ने दहाई के आंकड़े को पार किया, उनमें कामरान इकबाल 38, अब्दुल समद 39 और उमर नजीर मीर 16 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी पारी में नचिकेत भूते ने पांच विकेट चटकाए, तो हर्ष दुबे को भी दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा प्रफुल्ल हिंगे, यश ठाकुर और रजनीश गुरबानी को भी एक एक सफलता मिली।

विदर्भ के सामने सिर्फ 79 रन का लक्ष्य था, लेकिन इसके बावजूद उसकी शुरुआत खराब रही। सुनील कुमार के चार और उमर नजीर के दो विकेटों की बदौलत और विदर्भ के कप्तान अक्षय वाडकर के रन आउट होने की वजह से यह लक्ष्य भी मुश्किल लगने लगा। लेकिन हर्ष दुबे और नचिकेत भूते ने तीन विकेट रहते टीम को जीत दिला दी। इस जीत के साथ विदर्भ ग्रुप में पहले स्थान पर पहुंच गया।

Updated on:
20 Oct 2026 04:10 pm
Published on:
20 Oct 2026 04:02 pm