
हसन नवाज (फोटो- PCB)
PAK vs ENG Tri Series 2nd ODI Update: पाकिस्तान में खेली जा रही ट्राई सीरीज के दूसरे वनडे मुकाबले में मेजबान टीम ने इंग्लैंड के सामने 303 रन का लक्ष्य रखा है। इस मुकाबले में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसके गेंदबाजों ने कप्तान हैरी ब्रूक के फैसले को सही साबित किया। मैच की पहली ही गेंद पर दिग्गज बल्लेबाज फखर जमान को गस एटकिंसन ने जो रूट के हाथों कैच कराकर पवेलियन की राह दिखा दी। देखते ही देखते टीम ने 81 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। हालांकि पाकिस्तान के छठे और सांतवें नंबर के बल्लेबाजों ने कमाल की बल्लेबाजी की और टीम को 300 के पार पहुंचाने में अहम भूमिक निभाई। 50 ओवर में पाकिस्तान ने 9 विकेट गंवाकर 302 रन बनाए।
पाकिस्तान के दोनों ओपनर्स सस्ते में आउट हो गए। फखर जमान 0 और सैम अयूब 8 रन बनाकर आउट हो गए। 59 के स्कोर पर बाबर आजम और 81 के स्कोर पर सलमान आगा भी चलते बने। 20 ओवर के भीतर पाकिस्तान के चार बड़े बल्लेबाज आउट हो चुके थे। साद बैग 35 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि सलमान आगा सिर्फ 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद हसन नवाज और अराफात मिन्हास ने छठे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान को शुरुआती झटकों से उबारा। वहीं, अराफात मिन्हास के साथ फहीम अशरफ ने भी 72 रन की साझेदारी की।
हसन नवाज जेमी ओवरटन की गेंद पर बोल्ड होने से पहले 74 गेंदों में चार छक्कों और पांच चौकों की मदद से 79 रन बनाकर आउट हुए, तो अराफात मिन्हास ने 58 गेंदों में 59 रन की पारी खेली, जिसमें नौ चौके शामिल थे। इसके अलावा आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए फहीम अशरफ ने 26 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 39 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिससे पाकिस्तान की टीम 300 के पार पहुंचने में सफल रही।
इंग्लैंड के लिए सोनी बेकर ने 3 विकेट लिए तो गस एटकिंसन ने दो विकेट चटकाए। विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद और सैम करन को एक-एक सफलता मिली। ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराया था। फिलहाल वह अंक तालिका में पहले स्थान पर है।
Updated on:
20 Oct 2026 05:32 pm
Published on:
20 Oct 2026 05:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
