
बेंगलूरु : चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 131) और शेल्डन जैक्सन (100) की शतकीय पारियों के दम पर सौराष्ट्र ने तीसरी बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। 2012-13 और 2015-16 में दो बार फाइनल में पहुंचने के बावजूद खिताब से चूक सौराष्ट्र इस बार चैम्पियन बनने के लिए मौजूदा रणजी विजेता विदर्भ से भिड़ेगी। सौराष्ट्र ने सोमवार को बेंगलूरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में कर्नाटक को 5 विकेट से हराया।
पुजारा ने नाबाद रहते हुए दिलाई जीत
दूसरे सेमीफाइनल में कर्नाटक की ओर से मिले 279 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सौराष्ट्र की टीम ने चौथे दिन रविवार को स्टम्प्स तक तीन विकेट के नुकसान पर 224 रन बनाए थे और पांचवें दिन उसे जीत के लिए 55 रन बनाने थे और उसके हाथ में 7 विकेट बचे थे। अंतिम दिन दो विकेट और खोकर उसने लक्ष्य हासिल कर लिया। एक छोर से चेतेश्वर पुजारा नाबाद रहे।
पांचवें और आखिरी दिन बाकी बचे 55 रनों के लक्ष्य को हासिल करने उतरी सौराष्ट्र ने 244 रनों के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। पांचवें विकेट के लिए पुजारा का साथ देने आए अर्पित वसावाडा (12) को 274 के स्कोर पर रोनित मोरे ने सिद्धार्थ के हाथों कैच आउट कर पवेलियन भेजा।
इसके बाद, पुजारा ने प्रेरक मांकड (4) के साथ जीत के लिए जरूरी पांच रन जोड़े और 279 रनों के लक्ष्य को हासिल कर सौराष्ट्र को फाइनल में पहुंचाया। पुजारा ने अपनी पारी में कुल 266 गेंदों का सामना किया। उन्होंने 15 चौके लगाए।
इस पारी में कर्नाटक के लिए विनय कुमार ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए। इसके अलावा, अभिमन्यु मिथुन और रोनित को एक-एक सफलता मिली।
पहला खिताब जीतने का मौका
रणजी ट्रॉफी में 1950-51 सीजन से कदम रखने वाली सौराष्ट्र की टीम दो बार 2012-13 और 2015-16 सीजन में फाइनल में पहुंच कर खिताब से चूक गई है। इस बार वह तीसरी बार फाइनल में पहुंची है और उसकी नजरें पहले रणजी ट्रॉफी खिताब पर है। इसके लिए उसे चैम्पियन बनने के लिए विदर्भ से भिड़ना होगा। यह मैच तीन फरवरी को होगा। विदर्भ सेमीफाइनल में केरल को पारी एवं 11 रनों से हराकर पहुंचा है और मौजूदा चैम्पियन भी है।
इस भिड़ंत को वसीम जाफर बनाम चेतेश्वर पुजारा के टक्कर के रूप में देखा जा रहा है। 41 साल के वसीम जाफर शानदार फॉर्म में हैं। विदर्भ को फाइनल में पहुंचाने में उनका बहुत बड़ा योगदान है तो वही काम सौराष्ट्र के लिए पुजारा ने किया है।