क्रिकेट

रणजी ट्रॉफी : केरल पर टूटा उमेश का कहर, विदर्भ पहुंचा फाइनल में

विदर्भ ने कप्तान फैज फजल (75) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत पहली पारी में 208 रन बनाए। कप्‍तान के अलावा वसीम जाफर ने भी 34 रनों का योगदान दिया।
2 min read
umesh yadav
रणजी ट्रॉफी : केरल पर टूटा उमेश का कहर, विदर्भ पहुंचा फाइनल में

वायनाड : विदर्भ के तेज गेंदबाज उमेश यादव ने ऐसा कहर बरपाया कि रणजी ट्रॉफी के सेमी फाइनल में केरल की टीम दो दिनों के भीतर ही पानी मांगने लगी। दूसरे दिन ही वह पारी एवं 11 रनों से हार कर बाहर हो गई और इस तरह पिछली बार की रणजी विजेता विदर्भ की क्रिकेट टीम एक बार फिर फाइनल में पहुंच गई और लगातार दूसरी बार रणजी विजेता होने की अपनी उम्‍मीद बलवती हो गई। कृष्णागिरी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अकेले विदर्भ को अकेले उमेश यादव ने जीत दिला दी, अगर यह कहा जाए तो अतिश्‍योक्ति नहीं होगी। उन्होंने केरल की दोनों पारियों में कुल 12 विकेट हासिल किए।

बल्‍लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अव्‍वल रहा विदर्भ
मैच के पहले दिन टॉस जीतकर विदर्भ ने केरल को पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण दिया था। उमेश (7/48) की शानदार गेंदबाजी के दम पर विदर्भ ने केरल की पहली पारी 106 रनों पर ही समेट दी। इस पारी में केरल के लिए विष्णु विनोद ने सबसे अधिक नाबाद 37 रन बनाए। इसके अलावा, टीम का कोई भी बल्लेबाज खास कमाल नहीं कर सका।
इस पारी में विदर्भ के लिए उमेश के अलावा, रजनीश गुरबानी ने भी अच्छी गेंदबाजी की और उन्होंने बाकी के तीन विकेट अपने नाम कर लिए।
इसके बाद विदर्भ ने कप्तान फैज फजल (75) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत पहली पारी में 208 रन बनाए। कप्‍तान के अलावा वसीम जाफर ने भी 34 रनों का योगदान दिया।
केरल के लिए संदीप वॉरियर ने पांच विकेट लिए, वहीं बासिल थम्पी को तीन सफलताएं मिलीं। दिनेसन निदेश को दो विकेट मिला।

फिर बरपा उमेश का कहर
दूसरी पारी में भी केरल पर विदर्भ के तेज गेंदबाज उमेश यादव (5/31) का कहरा बरपा। दूसरी पारी में केरल की पूरी टीम 100 रन भी नहीं बना सकी और मात्र 91 रनों पर सिमट गई। उमेश के अलावा विदर्भ की ओर से यश ठाकुर ने चार विकेट अपने नाम किए।

Updated on:
25 Jan 2019 09:53 pm
Published on:
25 Jan 2019 09:53 pm