Ashwin Reveal his Retirement Reason: आर अश्विन ने IPL 2026 के बीच किया बड़ा खुलासा। जानें क्यों उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ अपना करियर जारी नहीं रखा और IPL 2025 का वो कौन सा 'मानसिक दर्द' था जिसने उन्हें संन्यास की राह दिखाई।
IPL, CSK, Ashwin Retirement Reason: दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भले ही आज IPL 2026 में अपने तीखे विश्लेषण और कमेंट्री से फैंस का मनोरंजन कर रहे हों, लेकिन अगर पिछला सीजन इतना 'मेंटली डिस्टर्बिंग' न रहा होता, तो आज वो मैदान पर अपनी फिरकी का जादू दिखा रहे होते। अश्विन ने पिछले साल अगस्त में आईपीएल से संन्यास ले लिया था। इससे पहले दिसंबर 2024 में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया था। लेकिन संन्यास के बाद अब उन्होंने जो खुलासे किए हैं, वो हर क्रिकेट फैन को भावुक कर देने वाले हैं।
IPL 2025 का सीजन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए किसी बुरे सपने जैसा था। टीम 14 में से सिर्फ 4 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही थी। अश्विन के लिए भी यह सीजन कुछ खास नहीं रहा, उन्होंने 9 मैचों में 9.12 की इकोनॉमी से सिर्फ 7 विकेट लिए। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल 'Ash Ki Baat (ऐश की बात)' पर दिल की बात कहते हुए बताया, 'मैंने CSK के साथ वो सीजन (IPL 2025) बिताया जो बहुत निराशाजनक रहा। व्यक्तिगत रूप से भी मेरे लिए यह काफी बुरा था। मैं एक सीजन और खेल सकता था, लेकिन इमोशनली अब मुझमें उतनी हिम्मत नहीं बची थी। वह मानसिक रूप से बहुत परेशान करने वाला और काफी दर्दनाक था। मैं दोबारा उस स्थिति में नहीं जाना चाहता था।'
अश्विन ने आगे एक बहुत ही व्यावहारिक (Practical) बात भी कही। उन्होंने बताया कि उनके संन्यास लेने से CSK का सिरदर्द भी कम हो गया। टीम को अब यह नहीं सोचना पड़ा कि उन्हें रिटेन करना है या रिलीज। साथ ही, अश्विन के संन्यास से टीम के पास ऑक्शन में 10 करोड़ रुपये अतिरिक्त बच गए, जिससे वे अपनी टीम को और मजबूत कर सकें।
रविवार को जब CSK को IPL 2026 में लगातार तीसरी हार झेलनी पड़ी, तो अश्विन काफी मायूस नजर आए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 250 से ज्यादा रन बना दिए और जवाब में CSK की टीम 207 पर ढेर हो गई। अश्विन ने कहा, 'आज मैं थोड़ा निराश हूं। मुझे काफी उम्मीदें थीं। हालांकि मैंने आज RCB को चुना था, लेकिन पिछले मैच में CSK का खेल देखकर लग रहा था कि वो सुधार करेंगे। पर जिस तरह RCB आज खेली है, उन्होंने दूसरी टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है।'
अश्विन अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने CSK की गेंदबाजी रणनीति की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि टीम अपने गेंदबाजों की ताकत पर भरोसा करने के बजाय, उन्हें जबरदस्ती 'वाइड यॉर्कर' डालने के लिए मजबूर कर रही है, जो कि सही नहीं है।