RCB on Stampede: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया है, जिन्होंने बुधवार को भगदड़ में अपनी जान गंवा दी थी।
RCB Annoucement: 3 जून 2025 को इंडियन प्रीमियर लीग का पहला खिताब जीतने के बाद आरसीबी की फ्रेंचाइजी 24 घंटे भी जश्न नहीं मना सकी। बुधवार को विक्ट्री परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए, जिसमें से 30 लोगों को ज्यादा चोट लगी है। आरसीबी ने उन 11 मृतकों के फैंस के लिए 10 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक अधिकारिक पोस्ट के जरिए उन्होंने ये घोषणा की।
आरसीबी ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, "कल (4 जुलाई 2025) बेंगलुरु में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने आरसीबी परिवार को बहुत पीड़ा और दर्द पहुँचाया है। सम्मान और एकजुटता के संकेत के रूप में, आरसीबी ने मृतकों के ग्यारह परिवारों में से प्रत्येक को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की है। इसके अलावा, इस दुखद घटना में घायल हुए फैंस की सहायता के लिए RCB Cares नामक एक कोष भी बनाया जा रहा है। हम अपने फैंस को ध्यान में रखते हुए ही सब कुछ करते हैं। इस दुख की घड़ी में हम एक साथ हैं।"
इससे पहले राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए मुआवजा देने और घायलों का सरकार की तरफ से मुफ्त इलाज कराने की घोषणा की है। इस तरह अब मृतकों के परिवार वालों को 20-20 लाख रुपए मिलेंगे।