
Irani Cup 2026: रेस्ट ऑफ इंडिया और मौजूदा रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर के बीच ईरानी कप 2026 का मुकाबला खेला गया। रेस्ट ऑफ इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रणजी चैंपियन जम्मू-कश्मीर को 167 रन से शिकस्त दी। रेस्ट ऑफ इंडिया ने रविवार को जम्मू-कश्मीर को जीत के लिए 279 रन का लक्ष्य दिया था, लेकिन पूरी टीम दूसरी पारी में महज 28.4 ओवर में 110 रन पर ऑलआउट हो गई।
गौरतलब है कि रेस्ट ऑफ इंडिया ने पहली पारी में 237 रन बनाए थे। इसके जवाब में मौजूदा रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर ने 278 रन बनाकर 41 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की थी। वहीं, रेस्ट ऑफ इंडिया ने दूसरी पारी में 319 रन बनाए। इस तरह रेस्ट ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर को जीत के लिए 279 रन का लक्ष्य दिया, लेकिन रणजी ट्रॉफी चैंपियन इस लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रही।
रेस्ट ऑफ इंडिया की जीत में मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी और आकाश दीप का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पहली पारी में मुकेश चौधरी ने जहां 5 विकेट चटकाए, वहीं आकाश दीप और मुकेश कुमार ने क्रमशः 3 और 2 विकेट लिए।
वहीं, दूसरी पारी में मुकेश कुमार ने कहर ढा दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के छह खिलाड़ियों को आउट किया, जबकि आकाश दीप ने 3 और मुकेश चौधरी ने 1 विकेट लिया। इस तरह आकाश दीप और मुकेश चौधरी ने मैच में कुल 6-6 विकेट लिए, जबकि मुकेश कुमार ने कुल 8 विकेट चटकाए।
रेस्ट ऑफ इंडिया ने भले ही ईरानी कप 2026 जीत लिया हो, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। उन्होंने पहली पारी में 10 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में वह महज 8 रन बनाकर आउट हो गए।
रेस्ट ऑफ इंडिया के स्मरण रविचंद्रन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने टीम के लिए पहली पारी में 68 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद दूसरी पारी में शानदार शतक जड़ा। वह दूसरी पारी में 135 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस शतकीय पारी के दौरान उन्होंने 153 गेंदों का सामना किया और 16 चौके तथा 5 छक्के लगाए।