क्रिकेट

Rishabh Pant ने तोड़ा शुभमन गिल का बड़ा रिकॉर्ड, अब निशाने पर दुनिया के टॉप-10 WTC स्कोरर की लिस्ट

Rishabh Pant Test Records: भारतीय स्‍टार विकेटकीपर बल्‍लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर लय में नजर आ रहे हैं। उन्‍होंने सोमवार को कोलंबो में दो बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अब उनकी नजर वर्ल्‍ड टेस्‍ट चैंपियनशिप में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले टॉप-10 बल्‍लेबाजों की लिस्‍ट में जगह बनाने पर होगी।
2 min read
Aug 24, 2026
ind vs sl 2nd test, rishabh pant,
भारतीय स्‍टार विकेटकीपर बल्‍लेबाज ऋषभ पंत। (फोटो सोर्स: IANS)

Rishabh Pant breaks Shubman Gill record: ऋषभ पंत ने सोमवार को तीन रन से आगे खेलते हुए पहले अपना अर्धशतक पूरा किया और दूसरे दिन लंच तक 63 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। इसके बाद दूसरे सेशन में भले ही वह अपने खाते में बगैर कोई रन जोड़े पवेलियन लौट गए, लेकिन दो खास रिकॉर्ड जरूर अपने नाम करने में सफल रहे। उन्‍होंने न केवल एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि अपने कप्तान शुभमन गिल को भी पीछे छोड़ दिया, जिसके चलते वह आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में भारत के सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। अब उनके निशान पर एक और बड़ा रिकॉर्ड है, जिसे वह अगली ही पारी में तोड़ सकते हैं।

शुभमन गिल से आगे निकले पंत

ऋषभ पंत के अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 42 टेस्ट मैचों में 2,948 रन हो गए हैं, जो शुभमन गिल के इतने ही मैचों में 2,917 रन से आगे हैं। रोहित शर्मा 40 टेस्ट मैचों में 2,716 रन के साथ भारतीय बल्लेबाजों में तीसरे स्थान पर हैं। उनके बाद रवींद्र जडेजा 50 मैचों में 2,675 रन और विराट कोहली 46 मैचों में 2,617 रन के साथ क्रमश: चौथे और पांचवें पायदान पर हैं। यशस्वी जायसवाल 30 टेस्ट मैचों में 2,588 रन के साथ छठे स्थान पर हैं।

एमएस धोनी को भी छोड़ा पीछे

पंत ने इस अर्धशतकीय पारी के साथ अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है। वह विकेटकीपर-बल्लेबाज एमएस धोनी को पीछे छोड़कर, विदेशी या न्यूट्रल टेस्ट में डेजिग्नेटेड विकेटकीपर के तौर पर भारत के सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। पंत ने इस कैटेगरी में 2,500 रन पूरे किए हैं, जो धोनी के 2,496 रन से आगे हैं। उन्होंने लगभग 42 के औसत से ये रन बनाए, जबकि धोनी का 32.84 का औसत रहा।

78 रन और बनाते ही दुनिया के टॉप-10 बल्‍लेबाजों की लिस्‍ट में होंगे शामिल

बता दें कि आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष 10 प्‍लेयर्स में एक भी भारतीय खिलाड़ी नहीं हैं। ऋषभ पंत इस लिस्‍ट में शामिल होने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं। इसके लिए उन्‍हें अगली पारी में 78 रन बनाने की जरुरत होगी। ऐसा करते ही वह न्‍यूजीलैंड के केन विलियमसन को पछाड़ते हुए 10वें स्‍थान पर पहुंच जाएंगे, जिनके 3025 रन हैं। जबकि पंत 2948 रन के साथ इस लिस्‍ट में फिलहाल 13वें पायदान पर हैं।

ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

रैंकखिलाड़ीमैचपारीरनऔसतशतकअर्धशतक
1जो रूट781436,71751.272324
2स्टीव स्मिथ611064,72150.221421
3मार्नस लाबुशेन601094,52045.201124
4ट्रेविस हेड591003,99042.001115
5बेन स्टोक्स641173,85735.06819
6उस्मान ख्वाजा47883,46443.30814
7बाबर आजम41763,43749.10822
8जैक क्रॉली571053,31431.86420
9हैरी ब्रूक35613,09051.50916
10केन विलियमसन32583,02558.17117
11ऑली पोप54972,99332.18715
12टॉम लैथम45832,97936.77715
13ऋषभ पंत42*742,94842.11618
14शुभमन गिल42*762,91742.27109