
Rishabh Pant declared fit: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के बाद 19 नवंबर से दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज होगा। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही इस टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को फिट घोषित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अब वह जल्द ही न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे और टेस्ट सीरीज की तैयारी कर रही शुभमन गिल एंड कंपनी से जुड़ेंगे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को एक बड़ा बूस्ट मिला है, क्योंकि ऋषभ पंत को मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल का हिस्सा बनने वाली इस जरूरी सीरीज के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, पंत को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से मेडिकल क्लियरेंस मिल गया है और अब वह भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध हैं। पंत 12 नवंबर को टीम इंडिया में शामिल होने के लिए वेलिंगटन के लिए उड़ान भरेंगेगे। डब्ल्यूटीसी टेस्ट सीरीज से पहले उनकी वापसी भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।
बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में शुरू होगा। फिर दूसरा टेस्ट मैच 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा। पंत को शुरू में ही इस दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले भारत ए के तीन अनाधिकारिक टेस्ट के लिए चुना गया था, लेकिन वह फिटनेस क्लियरेंस नहीं मिलने के चलते एक भी भी मैच नहीं खेल सके।
बता दें कि श्रषभ पंत अपनी बेबाक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और मिडिल ऑर्डर में आकर किसी भी टेस्ट मैच का रुख पलट सकते हैं। वह अभी तक भारत के लिए 52 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिनकी 90 पारियों में उन्होंने 43.82 के औसत से 3725 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 21 अर्धशतक और 8 शतक आए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159 रन है।